भारत, पाकिस्‍तान, अमेरिका… साल 2024 में दुनिया के 78 देशों में चुनाव, 4.2 अरब वोटर बनाएंगे नई सरकार

# ## International

(www.arya-tv.com) आने वाले साल यानी 2024 में भारत में लोकसभा के चुनाव होने हैं। भारत के पड़ोसी बांग्लादेश और पाकिस्तान में भी इस साल इलेक्शन है लेकिन ये चुनावी चक्र सिर्फ दक्षिण एशिया तक सीमित नहीं है। पूरी दुनिया के लिए ही 2024 एक चुनावी साल साबित होने जा रहा है। दुनिया के 78 देशों में 2024 में 83 चुनाव होंगे।

ये नेशनल लेवल के या विधायी चुनाव होंगे। वाशिंगटन स्थित थिंक टैंक अटलांटिक काउंसिल के अनुसार 2024 के बाद अगले 24 साल तक दुनियाभर में इतने ज्यादा चुनाव नहीं होंगे। साल 2048 में फिर से ऐसा संयोग बन सकता है कि फिर से इतने सारे देशों में चुनाव एक साल के भीतर देखने को मिलें।

2024 दुनिया के इतिहास में बड़ा चुनावी वर्ष है। इस साल लगभग हर महाद्वीप में चुनाव होगा, वहीं एशियाई महाद्वीप में सबसे बड़ी संख्या में मतदाता इस साल वोट करेंगे।

ब्राजील और तुर्की में इस साल आम चुनाव नहीं होंगे लेकिन स्थानीय चुनाव होंगे, जिनमें पूरा देश भाग लेगा। इसी तरह यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देश ब्लॉक की अगली संसद का चुनाव करेंगे।

कई शक्तिशाली देशों में चुनाव

द इकॉनमिस्ट के मुताबिक, जिन देशों में चुनाव होने जा रहे हैं उनमें से कई देश जी20 और जी7 जैसे दुनिया के कुछ शक्तिशाली समूहों का हिस्सा हैं। जिसका मतलब है कि इनके चुनाव नतीजों के भू-राजनीतिक प्रभाव भी पड़ेंगे और अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य भी प्रभावित हो सकता है।

इनमें अमेरिका का चुनाव भी है। वहीं कुछ देशों में चुनाव महज औपचारिकता होंगे, जहां बदलाव की उम्मीद बहुत कम है। इसमें सबसे मुख्य नाम रूस का है। रूस में फिर से व्लादिमीर पुतिन की वापसी तय मानी जा रही है।

2024 के पहले महीने जनवरी की 7 तारीख को बांग्लादेश में आम चुनावों के साथ ये बड़ा चुनावी साल शुरू होगा। जहां मौजूदा प्रधानमंत्री शेख हसीना फिर से सत्ता में आने के लिए जोर आजमाइश कर रही हैं। इसके बाद फरवरी में दुनिया के दो बड़ी मुस्लिम आबादी वाले देश- पाकिस्तान और इंडोनेशिया में एक सप्ताह के अंतर पर चुनाव होंगे।

पाकिस्तान में पीपीपी, पीएमएलएन और पीटीआई के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। वहीं इंडोनेशिया में मौजूदा सरकार की ही वापसी की संभावना विशेषज्ञ जता रहे हैं।

दक्षिण अफ्रीका में नई सरकार का होगा फैसला, यूरोप में भी चुनाव

मई में दक्षिण अफ्रीका में चुनाव होंगे, ये चुनाव 1994 में रंगभेद की समाप्ति के बाद सबसे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के इस महाद्वीप में अल्जीरिया, बोत्सवाना, चाड, कोमोरोस, घाना, मॉरिटानिया, मॉरीशस मोजाम्बिक, नामीबिया, रवांडा, सेनेगल, सोमालीलैंड, दक्षिण सूडान, ट्यूनीशिया और टोगो में भी चुनाव होने हैं। 2024 में इस महाद्वीप में सबसे अधिक चुनाव होंगे।

यूरोप में भी आने वाले साल में कई देशों में सत्ता के लिए उठापटक देखने को मिलेगी। यूरोप में 2024 में 10 से ज्यादा संसदीय और राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं। जिन देशों में चुनाव होने हैं, उनमें- फिनलैंड, बेलारूस, पुर्तगाल, यूक्रेन, स्लोवाकिया, लिथुआनिया, आइसलैंड, बेल्जियम, यूरोपीय संसद, क्रोएशिया, ऑस्ट्रिया, जॉर्जिया, मोल्दोवा और रोमानिया शामिल हैं।

अमेरिका के चुनाव पर दुनिया की नजर

साल 2024 में अमेरिका में भी राष्ट्रपति पद के चुनाव है। साल के आखिर में होने वाले इस चुनाव के लिए अभी से जबरदस्त रस्साकशी चल रही है। माना जा रहा है कि डेमोक्रेट राष्ट्रपति जो बाइडेन और रिपब्लिकन पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच नवंबर में सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

इस चुनाव के नतीजों से निश्चित ही अमेरिकी विदेश नीति प्रभावित होगी, जो दुनिया के कई देशों पर भी प्रभाव डालेगी।

अगले साल यूरोपीय संघ के भी 27 देशों में चुनाव होने हैं। इनमें फ्रांस, जर्मनी और स्वीडन जैसे देश भी शामिल हैं। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि 2024 में यूरोप में खंडित राजनीतिक परिदृश्य देखने को मिल सकता है।

यानी बहुत कम देशों में स्थिर बहुमत वाली सरकारें बनेंगी, जो बहुदलीय गठबंधन को जन्म देगा। इसी साल यूरोपीय चुनाव भी 6 से 9 जून तक होंगे, जो कि हर पांच साल में होते हैं।

भारत में तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव उतरेंगे नरेंद्र मोदी
दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहे जाने वाले भारत मे भी अगले साल यानी 2024 में चुनाव हैं। मार्च-अप्रैल में भारत लोकसभा के लिए देशभर में वोट डाले जाने की उम्मीद है। भारत में 60 करोड़ से ज्यादा मतदाता नई सरकार का फैसला करेंगे। भारत में 2014 से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। तीसरे कार्यकाल के लिए नरेंद्र मोदी को कांग्रेस और दूसरे क्षेत्रीय दलों से चुनाव में चुनौती मिलेगी। भारत में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के सामने विपक्षी दलों ने ‘इंडिया गठबंधन’ बनाया है। भारत के चुनाव पर भी दुनिया की नजरें रहेंगी।