चांद पर अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष यात्री उतारेगा अमेरिका, नासा ने आर्टेमिस मिशन पर किया बड़ा ऐलान, भारत भी है हिस्‍सा

# ## International

(www.arya-tv.com) अमेरिका ने नासा के आर्टेमिस मिशन के तहत एक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्री को भी चंद्रमा की सतह पर उतरने का फैसला किया है। अमेरिका की ओर से कहा गया है कि अपने देश के यात्रियों के साथ वह मिशन में एक अंतरराष्ट्रीय यात्री को भी चंद्रमा पर उतरने का मौका देगा।

उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने बुधवार को ये घोषणा की है। अमेरिका ने आर्टेमिस मिशन के तहत चंद्रमा पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्रियों को उड़ाने के लिए प्रतिबद्धता जताई थी। जिसके बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति की ओर से ये अहम ऐलान हुआ है। अमेरिका के साथ कई देश इस मिशन का हिस्सा हैं, इन देशों में भारत भी शामिल है।

हैरिस ने बुधवार को वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय अंतरिक्ष परिषद की बैठक के दौरान कहा, आर्टेमिस मिशन में हमारे सहयोगियों और साझेदारों ने एक शानदार भूमिका निभाई है। उनकी इस आवश्यक भूमिका को समझते हुए मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है

कि अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ हम दशक के अंत तक चंद्रमा की सतह पर एक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्री को उतारने का इरादा रखते हैं। व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय अंतरिक्ष परिषद की इस बैठक में हैरिस के साथ विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन भी शामिल थे।

हर मिशन में होंगे चार यात्री

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने इस मिशन की जानकारी देते हुए कहा कि एक आर्टेमिस चंद्रमा-लैंडिंग मिशन में चार अंतरिक्ष यात्रियों के लिए जगह होगी लेकिन प्रत्येक अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा पर नहीं चलेगा। प्रति मिशन केवल दो अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा की सतह पर उतरेंगे, जबकि शेष दो केवल ओरियन अंतरिक्ष यान या गेटवे नामक एक छोटे अंतरिक्ष स्टेशन में चंद्रमा की परिक्रमा करेंगे।

नासा ने बताया है कि उसकी ओर से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के अंतरिक्ष यात्रियों के गेटवे के लिए उड़ान भरने के लिए तीन अवसरों, कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी के अंतरिक्ष यात्रियों के लिए गेटवे के लिए उड़ान भरने का एक अवसर और एक जापानी अंतरिक्ष यात्री के लिए गेटवे के लिए उड़ान भरने का एक अवसर देने की प्रतिबद्धता जताई है।

कनाडा के यात्री हैनसेन ने कहा कि नासा इस मिशन को अकेले नहीं कर सका था। इसीलिए कनाडा और अंतर्राष्ट्रीय साझेदारों को शामिल किया गया। अमेरिकी नेतृत्व का यह असाधारण उदाहरण हमारी सामूहिक विशेषज्ञता को दिखाता है। उन्होंने कहा कि इससे साथ में काम करने के और भी रास्ते खुलेंगे।