पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म किया युवक, दो आरोपियों को नहीं पकड़ सकी पुलिस

Agra Zone UP

आगरा(www.arya-tv.com) एत्मादपुर क्षेत्र में झरना नाला के जंगल में विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गुरुवार को छह से अधिक स्थानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके। देर रात एक आरोपी के करीब पुलिस पहुंची लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका है।

बता दें कि सोमवार की शाम को एत्मादपुर क्षेत्र निवासी विवाहिता पति के साथ बाइक पर एत्माद्दौला क्षेत्र में मायके आ रही थी। पति-पत्नी को रास्ते में बुलेट बाइक सवार तीन युवकों ने रोक लिया था। झरना नाला के जंगल में ले जाकर दोनों के वीडियो और फोटो बनाए। इसके बाद युवकों ने पति के सामने पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म किया था। जान से मारने की धमकी देकर घर भेजा था। आरोपियों ने दस हजार रुपये और जेवरात भी लूट लिए थे।

घटना के बाद पीड़ित ने लूट की शिकायत की थी। मगर, पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही थी। मंगलवार को पीड़िता ने पति के साथ छलेसर चौकी पर पहुंचकर शिकायत की थी। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और लूट की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमे में शाहदरा निवासी गौरी राजपूत और मोनू को नामजद किया था, जबकि तीसरा आरोपी अज्ञात था। बाद में उसका नाम मोनू बताया गया।

विवाहिता को दोस्त के साथ समझ रहे थे आरोपी

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि पीड़िता पति के साथ शाहदरा आ रही थी। रास्ते में पति ने कहा था कि झरना नाला के पास स्थित धर्मशाला में चलते हैं। इस कारण पति ने बाइक को धीमा किया था तभी युवकों ने उन्हें पकड लिया। आरोपी विवाहिता को पहचानते थे।

समझ रहे थे कि वह किसी दोस्त के साथ आई है। इस कारण आपत्तिजनक फोटो खींचे और वीडियो बनाया। इसके बाद पीड़िता से दुष्कर्म किया। धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देंगे। वीडियो और फोटो को वायरल कर देंगे। डर की वजह से किसी को कुछ नहीं बताया। मगर दूसरे दिन हिम्मत दिखाई।

दहशत में पीड़िता

पुलिस ने पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए थे। पीड़िता अल्पसंख्यक समुदाय से है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने घटना का समर्थन किया है। उसके बयान का अवलोकन कर लिया गया है। हालांकि पीड़िता अभी दहशत में है। वहीं उसके पति का कहना है कि सभी आरोपियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।