UPI के नाम पर गर्भवती महिला से 48,500 की ऑनलाइन ठगी! अंगनबाड़ी कार्यकत्री पर गंभीर आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

# ## UP

 कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के परसा गोण्डरी गांव की एक गर्भवती महिला ने गांव की अंगनबाड़ी कार्यकत्री पर धोखाधड़ी कर उसके बैंक खाते से ₹48,500 निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परसा गोण्डरी निवासी उषा देवी पत्नी मुकेश कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह उत्तर प्रदेश शासन की बाल पुष्टाहार योजना के तहत मिलने वाले राशन के संबंध में अंगनबाड़ी केंद्र गई थीं। आरोप है कि 22 जुलाई को अंगनबाड़ी कार्यकत्री ने किसी अधिकारी से मोबाइल पर बात कराने का बहाना बनाकर उनसे यूपीआई के माध्यम से कुछ प्रक्रिया कराई। इसी दौरान उनके बैंक खाते से पहले ₹27,500 और बाद में ₹21,000 का भुगतान हो गया। इस तरह कुल ₹48,500 खाते से निकल गए।

पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने अंगनबाड़ी कार्यकत्री से रुपये निकलने के बारे में जानकारी मांगी तो उन्होंने अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और वहां से चली गईं। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।