आगरा में शादी से पहले दूल्हा पहुंच गया जेल:प्रेमिका का आरोप- शादी का झांसा देकर 3 साल तक बनाए संबंध

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आगरा में दूल्हा बनने जा रहा युवक बारात से एक दिन पहले जेल पहुंच गया। पुलिस ने प्रेमिका की शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया। प्रेमिका का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा करके उसका शारीरिक शोषण भी किया। अब वह किसी और से शादी करने जा रहा है। वहीं, शादी से एक दिन पहले दूल्हे के जेल जाने पर दूल्हा और दुल्हन का परिवार सदमे में है।

प्राइवेट कंपनी में हुई थी मुलाकात

न्यू आगरा क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत की। युवती का आरोप है कि दयालबाग के कृष्णा बाग निवासी राहुल से तीन साल पहले मुलाकात हुई थी। दोनों एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स डिपार्टमेंट में काम करते थे। दोनों के बीच वहीं से दोस्ती हुई और नजदीकियां बढ़ गईं। राहुल ने उससे शादी का वादा किया। इसके बाद शारीरिक शोषण करने लगा। शादी की कहने पर हर बार टालमटोल करने लगता। उसके बाद लगातार तीन साल तक संबंध बनाया। हाल ही में उसने शादी से इनकार कर दिया। उसके घरवालों को भी दोनों के संबंध की जानकारी थी। इसके बावजूद वह शादी के लिए तैयार नहीं हुए।

मथुरा की युवती से तय हुआ था रिश्ता

इसी बीच राहुल का संबंध कहीं ओर हो गया। राहुल ने अपनी प्रेमिका को यह बात नहीं बताई। बुधवार को पीड़िता को पता चला कि राहुल की शादी होने वाली है। मथुरा की युवती से रिश्ता तय हो गया है। 9 दिसंबर को उसकी शादी है। इसके बाद ही पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की। शिकायत पर थाना न्यू आगरा पुलिस ने बुधवार को दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी के घर पहुंच गई। उसकी शादी की तैयारी चल रही थी। रिश्तेदार भी आ चुके थे। पुलिस के पहुंचने से शादी वाले घर में हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपी को थाने पर ले आई। थाना न्यू आगरा के प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह का कहना है कि राहुल को गिरफ्तार कर लिया। उसको कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया।

सदमे में दोनों परिवार

दूल्हे की हकीकत दुल्हन के परिवार को भी पता चल गई। वह शादी की तैयारी कर चुके थे। मैरिज होम, हलवाई में पैसा खर्च हो चुका था। उनकी तैयारियां धरी रह गईं। वह यही सो रहे थे कि अब कैसे बेटी की शादी होगी। दुल्हन के परिवार के लोग सदमे में हैं। वहीं, बेटे के जेल जाने से परिवार के लोग भी परेशान हैं। थाना न्यू आगरा के प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया कि राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है।