बाढ़ परियोजनाओं को समय से पूर्ण किया जाए- स्वतंत्रदेव सिंह

Lucknow
  • पंडित बृजेश कुमार मिश्रा

(www.arya-tv.com) लखनऊ। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री एवं उत्तर प्रदेश राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद की स्थायी संचालन समिति के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को बाढ़ परियोजनाओं की स्थायी संचालन समिति की 55वीं बैठक की गयी। बैठक में रामकेश निषाद राज्यमंत्री जलशक्ति विभाग एवं समिति के सदस्यगण व प्रतिनिधिगण के समक्ष नवीन बाढ़ परियोजनाओं का क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतीकरण किया गया। साथ ही समिति द्वारा परियोजनाओं पर गहन विचार-विमर्श करते हुए बाढ़ परियोजनाओं के अनुमोदन की कार्यवाही सम्पन्न की गयी।

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अन्तर्गत नई बाढ़ परियोजनाओं को, प्रदेश में युद्धस्तर पर प्रारम्भ किया गया और बाढ़काल से पूर्व परियोजनाओ को पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किया गया। उन्होंने कहा कि इस कदम से परियोजनाओं के पूर्ण होने की संख्या में वर्ष-प्रतिवर्ष उत्तरोत्तर वृद्धि हुई है, जिससे जनता को समय से पूर्ण लाभ उपलब्ध हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में सिंचाई विभाग चहुॅमुखी प्रगति पर है। वर्तमान सरकार में बाढ़ काल की पूर्व तैयारियों के दृष्टिगत मुख्यमंत्री  द्वारा अभूतपूर्व निर्णय लेते हुए प्रति वर्ष बाढ़ परियोजनाओं को समय से पूर्ण किये जाने हेतु समुचित धनराशि उपलब्ध कराये जाने की वचनबद्धता सुनिश्चित की गयी।  

बाढ़ कार्यो के पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु और बाढ़ से होने वाली सम्भावित क्षति को न्यून से न्यूनतम् करने हेतु सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग तत्पर एवं दृढ़ संकल्प है। उन्होंने प्रत्येक कार्यो में क्षेत्रीय अधिकारियों को गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित किये जाने के निर्देश भी दिये। बैठक में जलशक्ति राज्यमंत्री  रामकेश निषाद, विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन अनीता वर्मा, मुश्ताक अहमद, प्रमुख अभियन्ता एवं विभागाध्यक्ष, एन0सी0 उपाध्याय, प्रमुख अभियन्ता (परि0 एवं नियो0), अनिल कुमार, प्रमुख अभियन्ता (परियोजना), प्रमुख अभियन्ता यांत्रिक देवेन्द्र अग्रवाल व अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।