तीन सालों में पहली बार ए​क साथ बरेली में बैठेंगे दो पार्टियों के दिग्गज, ले सकते है बड़ा फैसला

Kanpur Zone UP

(www.arya-tv.com) प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के बाद रविवार को पहली बैठक होगी। इसमें दोनों दलों के पदाधिकारी शामिल होंगे। सपा से अलग होने के करीब तीन साल बाद दोनों दलों के पदाधिकारी एक साथ होंगे। ऐसे में सियासी मतभेद भी होने की आशंका जताई जा रही है। प्रसपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव वीरपाल सिंह यादव के सपाई रहते वक्त वह सांसद बने और लंबे समय तक पार्टी के जिलाध्यक्ष के तौर पर कार्य किया। उनके कार्यकाल के दौरान ही मिशन कंपाउंड स्थित समाजवादी पार्टी का कार्यालय भी बनाया गया।

इसके साथ ही प्रसपा के संजीव यादव, मलखान सिंह, डा. खालिद भी समाजवादी पार्टी में संगठन में रहे हैं। करीब तीन साल पहले सपा से प्रसपा अलग हो गई। इधर, बीते दिनों सपा ने प्रसपा के साथ गठबंधन कर लिया है। गठबंधन के बाद रविवार को दोनों पार्टियों की एक साथ मीटिंग होनी है। इस मीटिंग से पहले शनिवार को भी पार्टी के गलियारों में खासी चर्चा रही। इधर, सपा संगठन में नए पदाधिकारी है। उसमें युवाओं की संख्या भी ज्यादा है। एक ओर अनुभव है तो दूसरी ओर युवा सोच। ऐसे में पार्टी के बैठक में क्या तय हो पाता है, यह बैठक के बाद ही पता चलेगा।

युवाओं की संगठन में भागीदारी पर दिया जोर : नए साल के मौके पर नार्दन रेलवे मेंस यूनियन बरेली शाखा के कार्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें नवनियुक्त मंडल समन्वयक दीपक यादव का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन शाखा मंत्री राजेश दुबे ने किया। इस दौरान युवाओं की संगठन में भागीदारी पर जोर दिया गया। एआईआरएफ और एनआरएमयू सरकार से जो एनपीएस की लड़ाई लड़ रही है, उसमें युवाओं से साथ देने का आह्वान किया गया।