फ्लोरिडा में इयान तूफान से तबाही:8.5 लाख घरों की बिजली गुल

# ## International

(www.arya-tv.com) अमेरिका के फ्लोरिडा में तूफान इयान ने भारी तबाही मचाई है। नेशनल हरिकेन सेंटर के मुताबिक, तूफान फ्लोरिडा के साउथ वेस्ट कोस्ट पर टकराया। इससे फोर्ट मायर्स शहर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां तेज हवा चल रही है और बारिश हो रही है। मौसम खराब होने के चलते समुद्र में ऊंची लहरें उठीं जिससे स्टौक आइलैंड के पास एक नाव डूब गई है। 23 लोगों के लापता होने की खबर है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाव में क्यूबा के प्रवासी सवार थे। अमेरिकी कोस्ट गार्ड लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। चीफ पैट्रोल ऑफिसर वाल्टर स्लोसार ने कहा -समुद्री चक्रवात के कारण नाव डूबने के बाद क्यूबा के 3 प्रवासी तैरकर किनारे पर आ गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम लोगों की तलाश कर रहे हैं।

20 लाख लोग प्रभावित
एक अधिकारी ने कहा- ये कैटेगरी 4 का तूफान बहुत तबाही मचा सकता है। कैरेबियन समुद्र से उठा इयान पहले क्यूबा में भयानक तबाही मचा चुका है। तूफान ने 27 सितंबर को क्यूबा के वेस्ट कोस्ट पर दस्तक दी थी। यहां 205 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं। लेकिन फ्लोरिडा में ये 1921 में आए टारपोन स्प्रिंग्स तूफान से भी ज्यादा तबाही मचा सकता है। यहां 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। खतरे को देखते हुए 8.5 लाख घरों की इलैक्ट्रिसिटी सप्लाई रोक दी गई। इससे करीब 20 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

सरकार ने एहतियाती कदम उठाए
अमेरिकी सरकार ने फ्लोरिडा में हफ्ते भर के लिए इमरजेंसी घोषित कर दी है। करीब 25 लाख लोगों को घर खाली करने के निर्देश भी दिए हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों ते मुताबिक तूफान खतरानक रूप ले रहा है। जौर्जिया और साउथ कैरोलिना में दो लोगों की मौत की खबर है।

टैम्पा और ओरोलैंडो से सभी फ्लाइट्स रोक दी गई हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा बल के 3,200 गार्ड्स को पहले ही फ्लोरिडा में तैनात कर दिया गया। इसके अलावा 1,800 अन्य गार्ड को अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा राहत और सुरक्षा एजेंसियों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।