यूपी में बड़ी शिक्षक भर्ती की तैयारी, 60 हजार खाली पद भरने में जुटा बेसिक शिक्षा विभाग

# ## Education Prayagraj Zone

 उत्तर प्रदेश में सरकारी टीचर बनने की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बेसिक शिक्षा विभाग के 60 हजार शिक्षकों के खाली पदों पर भर्ती की तैयारी तेज हो गई है। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के रिक्त पदों की सूची उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दी है। आयोग, अपनी वेबसाइट एक्टिव करने के साथ भर्ती की तैयारी में लग गया है।

यूपी के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के लगभग 60 हजार पद खाली हैं। नगर क्षेत्र के स्कूलों में ही 11,508 पद रिक्त हैं। विद्यार्थियों के सापेक्ष विद्यालयों में शिक्षकों की कमी का असर भी दिखता है। इसलिए अब शिक्षा विभाग एक बड़ी भर्ती की तैयारी में जुट गया है।

यूपी में पहली बार शिक्षा सेवा चयन आयोग बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की भर्ती कराने जा रहा है। अभी तक यूपी परीक्षा नियामक प्राधिकारी ही भर्ती प्रक्रिया पूरी कराता रहा है।

शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की खाली पदों की सूची आयोग को ऑफलाइन मोड में उपलब्ध करा दी है। हालांकि ऑनलाइन सूची मिलने के बाद ही आयोग भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा। लेकिन इस दिशा में तैयारी जरूर तेज हो गई है।

आठ साल से नहीं हुई भर्ती 

यूपी के बेसिक शिक्षा परिषद में शिक्षक भर्ती के दो कैडर हैं, एक नगर और दूसरा देहात। यहां पिछली बार वर्ष 2018 में शिक्षक भर्ती हुई थी। तब से लेकर अब तक कोई भर्ती नहीं हुई है। इस बीच कई विद्यालयों में शिक्षकों का संकट है। उधर, शिक्षक बनने की तैयारी में जुटे युवा भी भर्ती की प्रतीक्षा में हैं।

माध्यमिक-महाविद्यालयों में रिक्त पद 

परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों के साथ एडेड माध्यमिक और एडेड महाविद्यालयों में भी शिक्षकों के रिक्त पदों का विवरण जुटा जा रहा है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग चरणबद्ध तरीके से शिक्षकों के खाली पदों का ब्योरा वेबसाइट पर अपलोड कर रहा है।