जी-20 सम्मेलन के चलते धड़ाधड़ निरस्त हुए टिकट:रोडवेज बसें भी बल्लभगढ़ तक जाएंगी

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत कई राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली पहुंच चुके हैं। ऐसे में दिल्ली में कड़ी सुरक्षा के चलते बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। सुरक्षा कारणों से 9 व 10 सितंबर को दिल्ली जाने वाली 207 ट्रेनों को निरस्त किया गया है। वहीं, दर्जनों ट्रेन और बसों को दिल्ली से पहले ही रोक दिया गया है। दिल्ली में प्रतिबंध के चलते दो दिन में करीब 1200 लोगों ने अपनी टिकट निरस्त कराई हैं। वहीं, हाई अलर्ट होने के चलते दिल्ली जाने वाले पर्यटकों ने आगरा का रुख किया है। वीकेंड पर आगरा में पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है।

दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन में सुरक्षा का तगड़ा इंतजाम है। सरकार ने दिल्ली में दो दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। दिल्ली निवासियों को घर से काम करने और बेवजह घर से न निकलने को कहा गया है। शनिवार और रविवार को बाहर से दिल्ली आने वालों को भी दो दिन न आने को कहा गया है। बाहरी लोगों के दिल्ली आने के दो सबसे बड़े साधन बस और ट्रेन को भी सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली आने से रोका गया है।

रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि आगरा से एनएच-19 और यमुना एक्सप्रेस वे से प्रतिदिन 100 से अधिक बस दिल्ली की ओर जाती हैं। सरकार से मिले दिशा-निर्देशों के बाद एनएच-19 से दिल्ली के सराय काले खां बस अड्डे तक जाने वाली बसों को बल्लभगढ़ तक ही भेजा जा रहा है। यहां से यात्री मेट्रो से दिल्ली तक का सफर तय करेंगे। इसके साथ यमुना एक्सप्रेस वे से होते हुए दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे तक जाने वाली बसों को कौशांबी बस अड्डे तक ही भेजा जा रहा है। यह निर्देश 10 सितंबर तक लागू रहेंगे।

आज और कल निरस्त रहेगी ताज एक्सप्रेस
जी-20 सम्मेलन के चलते नई दिल्ली से खजुराहो तक जाने वाली ताज एक्सप्रेस आज और कल निरस्त रहेगी। आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने शनिवार और रविवार को ताज एक्सप्रेस को निरस्त करने की घोषणा पहले ही कर दी थी। इसके साथ ही नई दिल्ली इंटरसिटी 9 और 10 सितंबर को हजरत निजामुद्दीन तक ही जाएगी। वहीं, आगरा रेल मंडल में दो दिन में करीब 1200 यात्रियों ने अपनी टिकट निरस्त कराई है।

ट्रेनों में चल रहा है विशेष चेकिंग अभियान
शिखर सम्मेलन के चलते दिल्ली की ओर जा रही ट्रेनों में संदिग्ध लोगों व सामान की जांच के लिए आरपीएफ और जीआरपी विशेष चेकिंग अभियान चला रही हैं। दोनों पुलिस बल संयुक्त रूप से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों स्लीपर, एयरकंडीशन, जनरल कोच में एक-एक व्यक्ति और सामान की जांच कर रहे हैं। यात्रियों को भी किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

आगरा में दो बढ़ सकते हैं पर्यटक
दिल्ली में जी-20 समिट के चलते ट्रेन और बसों के निरस्त होने के चलते पर्यटकों का दिल्ली के बजाए आगरा का रुख हो सकता है। जिन लोगों ने पहले से अपना प्लान बनाया हुआ थो, वो लोग अब दिल्ली के बजाए आगरा आ रहे हैं। दिल्ली में सख्ती होने के चलते शुक्रवार से ही पर्यटकों का आगरा आना शुरू हो गया था। माना जा रहा है कि इस वीकेंड पर पिछले वीकेंड की तुलना में पर्यटकों की संख्या ज्यादा रहेगी।