सीतापुर में 2 बेटों ने की मां की हत्या:क्रिकेट बैट से मां-बाप पर किए ताबड़तोड़ वार, बुजुर्ग महिला की मौत

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के सीतापुर में संपत्ति विवाद के चलते दो बेटों ने अपने मां-बाप पर क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिसमे बुजुर्ग मां की मौत हो गयी। जबकि, पिता घायल हो गए। बताया जा रहा है कि, घर को बेचने को लेकर बाप-बेटों में विवाद हुआ था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के पूर्णागिरि मोहल्ले की है।

मकान बेचने पर हुआ पिता-पुत्र में विवाद

पूर्णागिरि मोहल्ले के निवासी रामशरण पत्नी रामकली (48) और चार बेटों के साथ रहते थे। पिता सफाई कर्मी है। उन्होंने कुछ महीने पहले अपने मकान का आधा हिस्सा बेच दिया था। बचा आधा हिस्सा भी वो बेचना चाहता था। बेटे पिता के मकान बेचने के खिलाफ थे। शनिवार को भी इसी बात को लेकर परिवार में बहस चल रही थी। बात इतनी बढ़ी कि उत्तम और दुर्गेश ने क्रिकेट बैट से मां-बाप पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मां की मौत हो गई। जबकि, पिता घायल हो गए।

सता रहा परिवार के बिखरने का डर

मां की मौत के बाद पिता ने पुलिस में शिकायत देकर हत्यारे बेटों को गिरफ्तार तो करा दिया, लेकिन अब उसको बेटे की फिक्र भी सता रही है। पिता ने पुलिस को बताया कि, उसका बेटा नशीली दवाओं का सेवन करता है, इसलिए ये वारदात उसने नशे की हालत में अंजाम दी है। मां के गुजर जाने के बाद बेटे ही पिता का आखिरी सहारा है। रामशरण के चार बेटे हैं। इसमें बड़ा बेटा उत्तम (28) और दुर्गेश (23) बेरोजगार हैं। जबकि, दो अन्य बेटों की उम्र कम है। पिता पर ही घर को चलाने की जिम्मेदारी है। जबकि बड़े बेटे उत्तम की शादी हो चुकी है। उसका भी एक बच्चा है।

पुलिस ने बेटों को किया गिरफ्तार

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता की तहरीर पर आरोपी बेटों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी बेटों से पूछताछ कर रही है। एसपी आरपी सिंह ने बताया कि, मामले में पुलिस उत्तम और दुर्गेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जाएगी।