- नियम-301 के तहत आधारभूत सुविधाओं के लिए बजटीय प्रावधान की मांग, नियम-51 के तहत जलभराव के स्थायी समाधान हेतु 10 नाला परियोजनाओं की वित्तीय स्वीकृति पर जोर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण विषय सदन में प्रभावी ढंग से उठाए। उन्होंने नियम-301 के अंतर्गत बदालीखेड़ा, नीलमथा, पंडितखेड़ा एवं गौरी क्षेत्रों में सड़क, सीवर, नाली, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए पर्याप्त बजटीय प्रावधान की मांग की। वहीं नियम-51 के तहत सरोजनीनगर के शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए 10 महत्वपूर्ण नाला परियोजनाओं को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देने का आग्रह किया।
- आधारभूत सुविधाओं के लिए उठाई मजबूत मांग
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बदालीखेड़ा, नीलमथा, पंडितखेड़ा और गौरी क्षेत्रों में सड़क, सीवर, नालियों तथा जल निकासी व्यवस्था लंबे समय से अपर्याप्त और जर्जर स्थिति में है। वर्षा ऋतु में जलभराव के कारण नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण को देखते हुए इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है।
उन्होंने सरकार से इन क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने तथा संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश देने की मांग की।
- जलभराव के स्थायी समाधान पर सरकार का ध्यान आकर्षित
नियम-51 के अंतर्गत डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर के शहरी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और औद्योगिक विकास के अनुरूप जल निकासी व्यवस्था विकसित नहीं हो सकी है, जिसके कारण हर वर्ष लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी यह विषय उठाया गया था, लेकिन प्रस्तावित कार्य पूर्ण न होने से समस्या आज भी बनी हुई है।
- 10 नाला परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग
डॉ. राजेश्वर सिंह ने विधानसभा में साईं दाता रोड (अहिमामऊ), शांति नगर, गिंदन खेड़ा, अमौसी, बंगला बाजार, अर्जुनगंज (सरस्वतीपुरम), कानपुर रोड, नगर निगम जोन-5 सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित 10 सीसी एवं आरसीसी नाला परियोजनाओं को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देकर समयबद्ध निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, वर्षा के दौरान जलभराव में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा हजारों नागरिकों को स्थायी राहत मिलेगी।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े इन दोनों महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यवाही सुनिश्चित करेगी, जिससे सरोजनीनगर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
