दिव्‍यांग और बुजुर्ग मतदाता घर बैठे कर सकेंगे मतदान, जानिए कितने दिन की मिलेगी सुविधा

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) कोविड संक्रमण के चलते 80 साल से अधिक और दिव्यांग वोटरों को विधानसभा चुनाव-2022 में मतदान के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। न ही दस फरवरी का इंतजार करना पड़ेगा। छह और सात फरवरी को 80 साल से अधिक और दिव्यांग वोटरों के घर में आधा दर्जन कर्मचारियों की टीम पहुंचेगी। यह टीम अपने सामने बैलेट पेपर देगी। मतदान के बाद लिफाफा में बैलेट पेपर को रखना होगा।

इसे पोस्टल बैलेट मानते हुए स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया जाएगा। दस मार्च को सबसे पहले बैलेट पेपर के वोटों की गिनती होगी। इसके बाद ही ईवीएम को खोला जाएगा। नौ विधानसभा क्षेत्रों में 62287 वोटर 80 साल से अधिक और दिव्यांग हैं। सबसे अधिक बुजुर्ग और दिव्यांग वोटर आगरा उत्तर विस क्षेत्र में 8966 हैं जबकि सबसे कम फतेहपुरसीकरी विस क्षेत्र में 4985 हैं।

प्रशिक्षण के साथ कर सकेंगे मतदान

नौ विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव कराने के लिए 25 हजार कर्मचारी लगाए गए हैं। इसमें पीठासीन अधिकारी, मतदान कार्मिक प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सुरक्षा कर्मचारी शामिल हैं। इन सभी को दो से छह फरवरी तक आरबीएस डिग्री कालेज में प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही यह मतदान भी कर सकेंगे। इसके लिए कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट उपलब्ध कराया जाएगा।

15 बूथों में हुई बढ़ोतरी

निर्वाचन आयोग के आदेश पर जिले में 15 बूथों की बढ़ोतरी हो गई है। इन बूथों में 1250 से अधिक वोटर थे। जिस पर अलग से बूथ बनाए गए हैं। इसमें एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में दो, आगरा कैंट विधानसभा क्षेत्र में नौ, आगरा उत्तर विस क्षेत्र में चार बूथ शामिल हैं। नौ विधानसभा क्षेत्रों में अब 3911 बूथ हो गए हैं। पूर्व में 3896 बूथ थे।

आगरा दक्षिण विस क्षेत्र के बदले दो बूथ

केदारनगर स्थित मिल्टन प्राइमरी स्कूल के कमरा नंबर एक और दो में 73 और 74 नंबर बूथ थे। अब यह बूथ टि्ंवल वेल्स पब्लिक स्कूल में शिफ्ट हो गए हैं। कमरा नंबर एक में बूथ नंबर 73 और कमरा नंबर दो में बूथ नंबर 74 होगा।

यह है 80 साल से अधिक और दिव्यांग वोटर

विधानसभा क्षेत्र का नाम, 80 साल से अधिक के वोटर, दिव्यांग वोटर, कुल वोटर

– एत्मादपुर, 4024, 3006, 7030

– आगरा कैंट, 6331, 1028, 7359

– आगरा दक्षिण, 6509, 704, 7213

– आगरा उत्तर, 8151, 815, 8966

– आगरा ग्रामीण, 4749, 2602, 7351

– फतेहपुरसीकरी, 3176, 1809, 4985

– खेरागढ़, 3597, 2604, 6201

– फतेहाबाद, 3486, 2160, 5646

– बाह, 4312, 3224, 7536