सीतापुर में रोटी के लिए होटल मालिक को मारी गोली:10 रोटी पैक कराने पहुंचा था दबंग

UP

(www.arya-tv.com)सीतापुर में रोटी के पैसे मांगने पर एक दबंग ने होटल मालिक के पेट में गोली मार दी। गोली लगने से वह बुरी तरह जख्मी हो गया। फायरिंग होते ही होटल में खाना खा रहे लोग जान बचाकर भागे। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। होटल में काम करने वाले एक शख्स ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन होटल मालिक को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। हालत गंभीर है। उधर, पुलिस ने इस घटना के 5 घंटे बाद आरोपी को मुठभेड़ में गोली मारकर घायल किया है। उसे भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

5 रुपए थी एक रोटी की कीमत

यह घटना जिले के खैराबाद थाना क्षेत्र के कस्बे की है। यहां मिश्रिख के मोहल्ला आंट में रहने वाले अल्ताफ शमा देहली मुगलई फूड होटल चलाते हैं। गुरुवार देर रात साढ़े 11 बजे होटल पर रोज की तरह ग्राहक खाना खा रहे थे। इसी दौरान होटल के करीब ही किराए पर रहने वाला सलमान खाना पैक करने आया। उसने होटल मालिक से 10 रोटियां मांगी। होटल स्टॉफ के मुताबिक रोटियां देने के बाद जब मालिक ने पैसे मांगे तो वो आग बबूला हो गया। 10 रोटी की कीमत 50 रुपए थी। लेकिन टशन में सलमान पैसे देने नहीं चाहता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई।

तभी गुस्से में सलमान ने तमंचा निकालकर अल्ताफ पर गोली चला दी। होटल के अंदर गोली चलते ही वहां भगदड़ मच गई। लोग खाना छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। गोली लगते ही अल्ताफ जमीन पर नीचे गिर गया। इस दौरान आरोपी फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर अल्ताफ को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

5 घंटे बाद ही पुलिस ने किया एनकाउंटर
इस सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल मुआयना कर पुलिस ने सबूत जमा किए। सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि, आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

हालांकि, देर रात घटना के बाद पुलिस सरगर्मी से आरोपी को ढूंढ रही थी। पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी सलमान बाइक से लखनऊ भागने की फिराक में है। पुलिस ने नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। शुक्रवार तड़के 4 बजे बाइक से सलमान जब चेकिंग पॉइंट पर पहुंचा तो रुकने के बजाय पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने जवाब में फायर किया तो सलमान के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।