गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का हरसंभव समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा, “घबराइए मत, आपकी समस्या का समाधान जरूर कराया जाएगा।”
हर फरियादी तक खुद पहुंचे मुख्यमंत्री
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोगों के बीच खुद पहुंचे। उन्होंने कुर्सियों पर बैठे फरियादियों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और पूछा कि वे कहां से आए हैं और उनकी क्या परेशानी है। मुख्यमंत्री ने लोगों के प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिप्रद निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीड़ितों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई करें।
जमीन कब्जे की शिकायत पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जे की शिकायत भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गंभीर बीमारी के इलाज के लिए सरकार देगी आर्थिक मदद
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि पैसों की कमी इलाज में बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरतमंदों को पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल से इलाज का इस्टीमेट प्राप्त करने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को भेजी जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जा सके।
गुरु गोरखनाथ का दर्शन कर की गोसेवा
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश झुकाया। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर के भ्रमण पर निकले और गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश की सेवा की, उन्हें दुलारा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया।
