मुख्यमंत्री योगी ने ‘आजादी के अमृत महोत्सव’को सम्बोधित किया

Lucknow
  • प्रधानमंत्री  के नेतृत्व में भारत आज संकट मोचक के रूप में जाना जा रहा : मुख्यमंत्री
  • अमृत कलश प्रदेश के सभी 75 जनपदों, 826 विकास खण्डों व 762 नगरीय निकायों से प्रदेश की राजधानी पहुंचे, इन सभी अमृत कलशों को लेकर कल कलश यात्री देश की राजधानी दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे
  • अमृत कलश यात्रा ने प्रत्येक गांव, विकासखण्ड, नगरीय निकाय में मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, समर्पण व कृतज्ञता का भाव व्यक्त करते हुए एक ओर माटी को नमन, तो दूसरी ओर वीरों का वन्दन किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि भारत आज संकट मोचक के रूप में जाना जा रहा है। दुनिया में जहां कहीं भी संकट आता है, भारत और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की ओर लोग आशा भरी निगाहों से देखते हैं। लोगों को विश्वास है कि प्रधानमंत्री  के नेतृत्व में शान्ति, सौहार्द और कल्याण का रास्ता निकलेगा।  वर्ष 2047 में भारत दुनिया की बड़ी ताकत बन करके दुनिया को मार्गदर्शन और नेतृत्व देने की स्थिति में होगा।

मुख्यमंत्री ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के अन्तर्गत ‘मेरी माटी मेरा देश’ अमृत कलश यात्रा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अमृत कलश यात्रा से जुड़े सभी स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए कहा कि आज पावन शरद पूर्णिमा और आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयन्ती के अवसर पर यह अमृत कलश प्रदेश के सभी 75 जनपदों, 826 विकास खण्डों व 762 नगरीय निकायों से यहां पर पहुंचे हैं। वसुधा वन्दन अमृत वाटिका में यहां एकत्रित इन सभी अमृत कलशों को लेकर के कल कलश यात्री देश की राजधानी दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

इन अमृत कलशों को हम लोग प्रदेश से पूरी भव्यता, गरिमा, गौरव और अनुशासन के साथ ले करके जाएंगे। अपनी माटी के वंदन के साथ-साथ वीरों के नमन के इन कार्यक्रमों के साथ हम जुड़ेंगे। प्रदेश का योग्य नेतृत्व आप सब के साथ दिल्ली में इस कलश यात्रा के साथ जाकर अपनी गौरवमयी उपस्थिति के माध्यम से उत्तर प्रदेश के इन सभी कार्यक्रमों की वहां उपस्थिति दर्ज कराएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हम लोगों ने कुछ नये कार्यक्रमों के साथ नई उपलब्धियां प्राप्त की हैं। भारत ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना। जी-20 समूह की अध्यक्षता करने का अवसर भी भारत को प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में दिल्ली में आयोजित जी-20 समिट में दुनिया के 40 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की उपस्थिति में भारत की ताकत का एहसास दुनिया ने किया। आज दुनिया का भारत के प्रति नजरिया बदला है।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने वीरों, शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने अमृत कलश यात्रा से जुड़े कुछ स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित एक चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव तथा विधान परिषद सदस्य भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ0 नीरज बोरा, अमरेश कुमार, श्रीमती जय देवी, विधान परिषद सदस्य मोहसिन रजा, राम चन्द्र प्रधान, डॉ0 लालजी प्रसाद निर्मल, बुक्कल नवाब, इंजी0 अवनीश कुमार सिंह, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।