मुख्यमंत्री ने जनपद चित्रकूट में वृक्षारोपण जन आंदोलन 2022 का शुभारंभ किया

Lucknow
  • मुख्यमंत्री जी ने हरिशंकरी के पौधे रोपित किए
(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने जनपद चित्रकूट के विकास खण्ड मानिकपुर के ग्राम पंचायत मडै़यन के मजरा सेहरिन के पास वन महोत्सव के अन्तर्गत वृक्षारोपण जन आंदोलन 2022 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मटदर प्रथम वन ब्लाक में पीपल, बरगद, पाकड़ (हरिशंकरी) के पौधे रोपित किए।
मुख्यमंत्री  ने आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनपद चित्रकूट सहित संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आज यहां 32 करोड़ 86 लाख रुपये से अधिक लागत की 15 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 82 करोड़ 54 लाख रुपये से अधिक लागत की 28 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधों को रोपित किया जाएगा, जिसमें से 25 करोड़ पौधों का रोपण आज संपन्न किया जा रहा है। इस कार्य में समस्त जनप्रतिनिधियों और शासन प्रशासन के अधिकारियों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। आगामी 02 दिनों में 05 करोड़ पौधों को रोपित किया जाएगा। साथ ही, आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 15 अगस्त, 2022 को 05 करोड़ पौधे रोपित किए जाएंगे तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में 75-75 पौधों के रोपण का कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अंतर्विभागीय समन्वय एवं जन सहयोग के माध्यम से विगत 05 वर्षों में प्रदेश में 100 करोड़ से अधिक पौधे रोपित कराये हैं। वृक्षारोपण का कार्य स्वार्थ भाव से नहीं बल्कि सेवा भाव से किया जाए। वन विभाग द्वारा 100 वर्ष से अधिक पुराने वृक्षों को संरक्षित करने का कार्य कराया जा रहा है। पौधे लगाना एवं उनकी सुरक्षा करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। प्रदेश की 25 करोड़ आबादी के दृष्टिगत आज 25 करोड़ पौधों को रोपित करने का कार्य संपन्न किया जा रहा है। उन्होंने जन समुदाय से फलदार पौधों को रोपित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा 60 लाख सहजन के पौधे तैयार किये गये हैं। सहजन गरीब के लिए पौष्टिक आहार का उत्तम साधन है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके घरों में सहजन एवं फलदार पौधों को रोपित कराया जाये।