आगरा में छठवीं मंजिल से मेड ने लगाई छलांग:मरने से पहले CCTV में ईंट से मोबाइल तोड़ते दिखी

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा के थाना न्यू आगरा में बुधवार रात को एक लड़की ने रंगजी अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। लड़की के गिरने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने अपार्टमेंट के CCTV फुटेज चेक किए। नजर आया कि सुसाइड से पहले लड़की ने ईंट से मोबाइल तोड़ दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

बच्चों की केयर टेकर थी सलोनी
ये मामला न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी का है। यहां के रहने वाले गोविंग जूता कारीगर है। उनकी बेटी सलोनी (17) कैलाश विहार स्थित रंगजी हाइट्स में रहने वाली सिमी आनंद के घर पर काम करती थी। 62 वर्षीय सिमी आनंद की बेटी और दामाद पंजाब में जॉब करते हैं। बेटी के दो साल और दस साल के बेटे नानी के यहां रहते हैं। सलोनी दोनों बच्चों की केयर टेकर थी।

वहीं, सिमी आनंद ने अपनी देखभाल के लिए कविता नाम की घरेलू सहायिका (मेड) को रखा हुआ है। बुधवार शाम करीब 7 बजे सलोनी ने अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। तेज आवाज को सुनकर गार्ड और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। अपार्टमेंट के लोग अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक सलोनी की मौत हो चुकी थी।

जाल काटकर लगाई छलांग
एसआई हरीश शर्मा ने छानबीन के बाद बताया कि बालकनी में मोटे धागे वाला जाल लगा था। ताकि कोई बच्चा रेलिंग पर चढ़ने के बाद नीचे न गिर जाए। सलोनी ने इस जाल काटकर नीचे छलांग लगाई थी।

पहले ईंट से तोड़ा मोबाइल
पुलिस ने फ्लैट में काम करने वाली सहायिका कविता से पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि सलोनी पहले नीचे गई थी। वह काफी गुस्से में थी। उसने ईंट से  अपना मोबाइल तोड़ा। मोबाइल तोड़ने वाली घटना CCTV में कैद है। उसके बाद वह ऊपर आई। कुछ देर बाद बालकनी से नीचे छलांग लगा दी।
कविता ने पुलिस को बताया कि सलोनी का कोई दोस्त था, जिसे लेकर उसके घर पर विवाद हुआ था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है।

घर वालों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
वहीं, सलोनी के परिजनों ने गृह स्वामी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। सूचना पर किशोरी के परिजन पहुंच गए थे। माता-पिता वैष्णो देवी की यात्रा पर गए हैं। पुलिस का कहना है कि परिजन जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी।