लोटस कॉलेज के चेयरमैन को छात्र ने मारी गोली, घायल:मोबाइल लाने पर छात्रों के सामने जड़ा था थप्पड़

# ## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) बरेली के फरीदपुर के लोटस कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन को गोली मारने का आरोपी छात्र श्रेष्ठ सैनी को कॉलेज प्रबंधक अभिषेक अग्रवाल ने मोबाइल लाने पर सब छात्रों के सामने थप्पड़ जड़ा था। इसी बेइज्जती को वह सहन नहीं कर पा रहा था। उसने अपने दोस्तों के सामने ऐलान कर दिया था कि वह थप्पड़ का बदला लेगा। कॉलेज में घुसकर प्रबंधक को गोली मार देगा।

बुधवार दोपहर कॉलेज में घुसकर अभिषेक को गोली मारने के आरोपी श्रेष्ठ को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने घटना के बाद कॉलेज स्टाफ और श्रेष्ठ के दोस्तों से पूछताछ की। जिसमें पता चला कि श्रेष्ठ दबंग और अराजक किस्म का छात्र है।

कॉलेज में कोई न कोई करता रहता था बवाल

लोटस कॉलेज में बी फार्मा में छठे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। कॉलेज में वह कोई न कोई बवाल करता ही रहता था। कुछ दिन पहले कॉलेज में उसका अन्य लड़कों के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान उसने कॉलेज में तोड़फोड़ भी की थी। कॉलेज प्रशासन को पुलिस तक बुलानी पड़ी थी। पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ा था। इसके बावजूद वह नहीं सुधरा।

कॉलेज के सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि श्रेष्ठ बुधवार को सुबह 9:30 बजे ही कॉलेज आ गया था। वह काफी देर तक कॉलेज में अंदर जाने की जिद कर रहा था। चेयरमैन अभिषेक करीब 10 बजे कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पेरेंट्स को साथ लाने पर ही सुरक्षा कर्मियों को उसे कॉलेज में आने की बात कहने को बोला। जिसके बाद वह चला गया। इसके बाद ही वह कॉलेज के पीछे से दीवार फांदकर अंदर पहुंच गया। चेयरमैन के कमरे के अंदर जाकर उन्हें गोली मार दी। गोली उनके कान से छूती हुई निकल गई।

एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मोबाइल लाने पर भरना पड़ था जुर्माना

कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि कॉलेज में मोबाइल लाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। मोबाइल लाने पर 500 रुपए जुर्माना है। क्लास में समय से न पहुंचने पर 200 रुपए जुर्माना वसूला जाता है। अनुशासन हीनता पर श्रेष्ठ से लगातार जुर्माना वसूला जा रहा था। इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। हालांकि जुर्माने का कई छात्रों ने विरोध किया था। लेकिन प्रबंधन ने छात्रों को राहत नहीं दी थी। इसी विवाद में श्रेष्ठ को कॉलेज से रेस्टीगेट किया गया था।