विरोधियों के परिवारवाद को लेकर ढोल पीटने वाली BJP भी इससे अछूती नहीं

# ## UP

(www.arya-tv.com)  यूपी विधानसभा सत्र के अंतिम दिन अखिलेश यादव और सीएम योगी के बीच जुबानी तीर चले। पहले सपा प्रमुख ने खड़े होकर विधानसभा में योगी सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। इसके बाद सीएम योगी ने सपा प्रमुख के हर सवाल का आंकड़ों के साथ जवाब दिया। हालांकि दोनों ही ओर से परिवारवाद पर जमकर बयानबाजी हुई।

दरअसल, अखिलेश यादव पर परिवारवाद का आरोप हमेशा लगता रहा है। इस बार विधानसभा में सपा प्रमुख ने अपने वक्तव्य के दौरान इस पर जवाब दिया। जिसके बाद सीएम योगी ने भी पलटवार किया। हालांकि विरोधियों के परिवारवाद को लेकर ढोल पीटने वाली BJP भी इससे अछूती नहीं है। तमाम दिग्गजों के बेटे-बेटी इस वक्त भी विधायक और सांसद हैं।

पूर्व सीएम के बेटे और नाती सक्रिय

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के बेटे और नाती दो BJP में अभी सक्रिय हैं। कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह अभी एटा लोकसभा सीट से सांसद हैं। इसके अलावा राजवीर सिंह के बेटे और कल्याण सिंह के नाती संदीप सिंह अतरौली विधानसभा सीट से विधायक होने के साथ ही स्वतंत्र राज्य मंत्री हैं। उनके पास प्राथमिक शिक्षा विभाग है। जबकि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के दोनों बेटे BJP में पूरी तरह सक्रिय हैं।

राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह अभी BJP के टिकट पर नोएडा विधानसभा सीट से विधायक हैं। पंकज सिंह इससे पहले 2017 में भी नोएडा विधानसभा से विधायक थे। यानी पंकज सिंह लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी BJP के टिकट पर लगातार चुनाव जीतती रही हैं। मेनका गांधी अभी सुलतानपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। जबकि उनके बेटे वरुण गांधी लगातार तीसरी बार BJP से सांसद हैं। अभी वरुण गांधी पीलीभीत लोकसभा सीट से सांसद हैं।

बृजभूषण के परिवार का दबदबा

कैसरगंज से BJP सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह बीते लंबे वक्त से चर्चा में हैं। हालांकि कई मौकों पर बृजभूषण शरण सिंह अपने बयानों को लेकर BJP के लिए मुसीबत खड़ी करते रहे हैं। लेकिन, बृजभूषण शरण सिंह के बेटे प्रतीक भूषण सिंह गोंडा विधानसभा सीट से विधायक हैं। प्रतीक भूषण सिंह लगातार दूसरी बार BJP के टिकट पर विधायक बने हैं।