खेत में मिला महिला का शव,दुष्कर्म के बाद हत्या करने की आशंका   

Kanpur Zone UP
कानपुर देहात।(www.arya-tv.com) शिवली कस्बे में बुधवार को पांडु नदी किनारे खेत में करीब 40 वर्षीय महिला का अर्द्धनग्न हालत में शव मिला। आशंका है कि दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया। पास में ही चूड़ी भी टूटी मिली है। एएसपी व पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पांडु नदी किनारे हरीकृष्ण अग्निहोत्री के खेत में महिला का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो घटना का पता चल सका। पुलिस ने आसपास गांव में पूछताछ की पर कोई उसकी शिनाख्त नहीं कर सका। अर्द्धनग्न हालत में होने से आशंका जताई जा रही कि दुष्कर्म किया गया और उसके बाद हत्या की गई है।
शव एक दो दिन पुराना हो गया था। घटनास्थल पर ही चूड़ी टूटी मिली है साथ ही कुछ दूर गेहूं की फसल भी गिरी है,इससे महिला के हत्यारे से संघर्ष करने की आशंका है। शरीर पर केवल बाएं तरफ गाल पर चोट के निशान मिले हैं। एएसपी घनश्याम चौरसिया व कोतवाल वीरपाल तोमर ने घटनास्थल पर छानबीन की व फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
एएसपी का कहना है कि मृतका हो सकता है विक्षिप्त रही हो लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम से पता चल सकेगा। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास गांव के लोगों से पहचान कराई जा रही है।