ठण्ड में सड़को पर सोने वालो के लिए जनपद लखनऊ में की गई रैन बसेरा, अलाव, भोजन आदि की व्यवस्था

Lucknow
  • पंडित बृजेश कुमार मिश्रा

(www.arya-tv.com)जिला प्रशासन लखनऊ एवं लखनऊ नगर निगम द्वारा इस बार ठण्ड में सड़को पर सोने वाले प्रवासी, मजदूर, बेघर एवं निराश्रित आदि लोगों के लिए लखनऊ शहर में उचित व्यवस्था करायी गई है। 11 दिसम्बर 2022 को महापौर लखनऊ संयुक्ता भाटिया एवं जिलाधिकारी लखनऊ सूर्य पाल गंगवार की अध्यक्षता में नगर निगम के स्मार्ट सिटी कार्यालय लखनऊ में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें नगर आयुक्त लखनऊ इन्द्रजीत सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हिमांशु गुप्ता, अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह, पी.ओ. डूडा सुधीर कुमार सिंह व विभिन्न व्यापार मंडलो के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी द्वारा बताया गया की आश्रय गृहों का उद्देश शहरी बेघरों जैसे खुले एवं सड़को के किनारे सोने वाले दिहाड़ी मजदूर एवं निराश्रित एवं बेघर लोगों को रैन बसेरो के प्रति जागरूक करके उनको नजदीकी नगर निगम के रैन बसेरों तक लेकर जाना जिससे उनको शीत लहर एवं ठण्ड के प्रकोप से बचाया जा सके। उन्होंने बताया की लखनऊ शहर में 17 स्थाई व 7 अस्थाई रैन बसेरे है जिसका संचालन स्वयंसेवी संस्थाओ एवं नगर निगम के माध्यम से किया जा रहा है। उक्त के साथ ही जिला प्रशासन द्वारा संचालित कंट्रोल एन्ड कमाण्ड सेंटर का हेल्पलाइन नम्बर 0522-4523000 भी जारी किया गया है। जिस पर कॉल करके लोग रैनबसेरों की जानकारी प्राप्त कर सकते है तथा खुले में सोने वालों को रैनबसेरों में पहुचाने के लिए सूचना भी दर्ज करा सकते है। ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में रैनबसेरों की कोई भी कमी नही है। आवश्यकता पड़ने पर अस्थाई रैनबसेरे भी बनवाए जाएगे। उक्त के साथ ही अलाव के लिए पॉइंट चिन्हित करा लिए गए है और सूखी लकड़ियों का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है।

महापौर लखनऊ संयुक्ता भाटिया ने बताया की लखनऊ में अस्थाई रैन बसेरे भी बनाये जा रहे है जिससे प्रवासी मजदूरों की ज्यादा से ज्यादा मदद की जा सके। नगर आयुक्त लखनऊ द्वारा अवगत कराया गया की रात्रि में भ्रमण अभियान निरंतर चलते रहेंगे जससे रात्रि में कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए बल्कि रैन बसेरो में सोये। उनके द्वारा बताया गया की नगर निगम द्वारा सभी जोनल कार्यालयों में कपड़ा बैंक बनाया गया है जिससे शहर के लोग अगर गर्म कपडे देना कहते है तो उन कार्यालयों एवं रैन बसेरो में गर्म कपडे दे सकते है।

आदर्श व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता द्वारा नगर निगम द्वारा संचालित 10 रैन बसेरों में कम्युनिटी किचन शुरू करने एवं अन्य ज़रूरी सामग्री प्रदान करने के लिए आश्वासन दिया गया ।