जिले में स्वाइन फ्लू के साथ डेंगू की दस्तक, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

# ## Bareilly Zone

जिले में स्वाइन फ्लू के साथ डेंगू-मलेरिया की भी दस्तक हो चुकी है। मलेरिया के अब तक सात से अधिक मरीज मिल चुके हैं, जबकि डेंगू और स्वाइन फ्लू के एक-एक मरीज की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग कर चुका है। सबसे अधिक चिंता दिल्ली और आसपास के इलाकों में स्वाइन फ्लू के तेजी से फैलने से है। जिले में आया स्वाइन फ्लू का मरीज भी दिल्ली से लौटा था। इलाज के दौरान निजी अस्पताल में जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।

मच्छरों पर हर साल अंकुश के दावे स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम व नगर निकायों के द्वारा किया जाता है। लेकिन हर साल उपाय ठोस कम कागजी अधिक होने से डेंगू मलेरिया के मरीज मिलने का क्रम जारी रहता है। हालांकि पिछले साल डेंगू के रोगियों की संख्या में कमी आई थी। इस साल भी मलेरिया व डेंगू के साथ स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने से लोग चिंता में पड़ रहे हैं। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्कता बरतने और ऐसा लक्षण दिखने पर तत्काल निकटवर्ती सरकार अस्पताल या निजी क्लीनिकों में विशेषज्ञ चिकित्सक से ही इलाज कराने के लिए कहा है। एडवाइजरी में निजी अस्पतालों में आने वाले मरीजों की सूचना पोर्टल पर देना अनिवार्य कर दिया गया है।

वहीं शहर की पॉश कॉलोनियों में भी डेंगू-मलेरिया के खतरे को देखते हुए 56 मोहल्ले व पॉश कॉलोनियों को डेंगू-मलेरिया के दृष्टिगत संवेदनशील चिह्नित किया है। इन मोहल्लों में विशेष रूप से नियंत्रण व रोकथाम के साथ ही जागरूकता के उपाय करने हैं। यहां नगर निगम के सहयोग से फॉगिंग कराया जाना है, लेकिन अब तक प्रभावी उपाय न होने से रात की कौन कहे, दिन में भी घरों व कार्यस्थल, स्कूलों में मच्छर लग रहे हैं। डिप्टी सीएमओ व प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव का कहना है कि डेंगू मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जागरूकता के अलावा इस पर अंकुश के उपाय किए जा रहे हैं। इस साल अब तक डेंगू का एक रोगी मिला है। स्वाइन फ्लू का भी एक मरीज चिह्नित है। निजी अस्पताल में जांच के दौरान पता चला है।

डेंगू मलेरिया से बचने के लिए करें यह उपाय

: अपने आसपास कहीं भी साफ पानी जमा न होने दें। डेंगू का मच्छर साफ पानी में ही पनपता है।
:: फ्रिज की आइस ट्रे को नियमित साफ करें।
:: घर की छत या बॉलकनी में रखे पुराने टायर, बर्तन या कोई अन्य सामान जिसमें बरसात का पानी ठहर सकता है उसे तत्काल हटा दें।
:: मच्छरों के काटने से बचने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें और पूरी बांह के कपड़े पहनें।

यह हैं शहर में संवेदनशील क्षेत्र
गोविंद नगर, हिमगिरि कॉलोनी, कटघर (छोटी मंडी), ढक्का, बुद्धि विहार, करूला, सागर सराय, असालतपुरा, ताड़ीखाना, बारादरी, हरथला, पीतलनगरी, रामगंगा विहार फेज-2, दीनदयाल नगर, पीटीसी, पीएसी 9वीं, 23 वीं और 24वीं वाहिनी, चक्कर की मिलक, कांशीराम नगर, चंद्रनगर, नवाबपुरा, कोठीवाल नगर, नवीन नगर, लाइनपार, गुलाबबाड़ी, जिगर कॉलोनी, आशियाना, कच्चा बाग, जयंतीपुर, किसरौल, डिप्टीगंज, बंगला गांव, नया गांव, गांधीनगर, नागफनी, लालबाग, सूर्यनगर, सम्राट अशोक नगर, सिविल लाइंस, टीडीआई सिटी रामगंगा विहार, मिलन विहार, मानसरोवर कॉलोनी, काजीपुरा, हरपाल नगर, एकता कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर, फकीरपुरा, मुगलपुरा, एमडीए सेक्टर-13, कानून गोयान, लाकड़ी फाजलपुर, मझोली, गायत्री नगर लाइनपार, सुपरटेक, पामग्रीन सोसायटी।