अखिलेश और स्वामी प्रसाद भी श्रीराम चरित मानस पाठ में शामिल हों, हम स्वागत करते हैं-जयवीर

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश में पहली बार नवरात्रि पर प्रदेश सरकार 9 दिन तक दुर्गा सप्तशती और राम नवमी पर अखंड रामायण का पाठ करा रही है। यूपी के 75 जिलों को इस कार्यक्रम के लिए एक-एक लाख रुपए सरकार देगी। योगी सरकार के पूजा-पाठ के इस कार्यक्रम के कर्ताधर्ता पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने विपक्ष नेता अखिलेश यादव और स्वामी प्रसाद मौर्य को भी कार्यक्रम में शामिल होने की सलाह दी है।

 ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि जरूरत पड़ी तो जिले में एक करोड़ भी दिया जाएगा। पर्यटन मंत्री ने सभी विपक्ष के नेताओं को अपने-अपने जिले में कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता भी दिया है। कहा कि यह सनातन धर्म का कार्यक्रम है। इसमें कोई भी पार्टी और जाति वर्ग से लेना-देना नहीं है। अगर अखिलेश यादव इटावा और सैफई के कार्यक्रम में शामिल होते हैं, तो उनका स्वागत करता हूं।

उत्तर प्रदेश की धरती पर पहली बार हर जिले के मंदिरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ 9 दिन कराया जा रहा है। राम नवमी के दिन श्रीराम चरित मानस का पाठ होगा। इसके लिए 10 मार्च को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। सभी जिलों को शासन की ओर से एक लाख रुपए कार्यक्रम के लिए एडवांस में दिए गए हैं।

जनवरी में भगवान श्रीराम मंदिर में विराजमान होंगे। उससे पहले मंदिर और वहां पर आने वाले लोगों के लिए स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। इससे किसी को कोई दिक्कत ना हो। बहुत बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं के आने की संख्या बढ़ रही है। मंदिर के निर्माण के बाद यह संख्या और बढ़ेगी। कोई भी कार्यक्रम कराने से पहले उसकी कार्य योजना तैयार की जाती है। इस बार ये आयोजन सभी जिलों में कराए जाने का लक्ष्य रखा गया।

सवाल: हर जिले में कौन-कौन से कार्यक्रम हो रहे हैं क्या खास है? जवाब: सभी जिलों के शक्तिपीठों में दुर्गा सप्तशती के पाठ 9 दिन होंगे। 9वें दिन राम नवमी पर श्रीराम चरित मानस का पाठ होगा। हर जिले में जिला पर्यटन परिषद बनाई है, उसके अध्यक्ष DM हैं। इसमें कई अन्य अधिकारी और पदाधिकारी होंगे। सभी विकास परिषद के अफसर भी शामिल हैं। किन कलाकारों को आमंत्रित करना है, यह सभी योजनाओं के अंतर्गत पहले से ही दिशा-निर्देश दिए गए। एक लाख रुपए एडवांस दिए गए हैं। जिला पर्यटन अधिकारी द्वारा पूरा कार्यक्रम नवरात्रि के लिए तैयार कर लिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। किसी भी तरीके से कोई भी कमी नहीं होगी।