शामली में अखिलेश और जयंत सिंह ने भाजपा पर बोला हमला, कही ये बात

Meerut Zone

(www.arya-tv.com) शामली में एक कार्यक्रम में अखिलेश यादव और चौधरी जयंत सिंह भाजपा पर हमलावर रहे। जयंत सिंह ने कहा कि बजट में किसान और युवाओं की उपेक्षा हुई है। अब गन्ना जीतेगा और जिन्ना हारेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि हम दोनों गठबंधन के लोग जनता के बीच एक उम्‍मीद के साथ आए हैं।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे उत्‍तर प्रदेश में भाजपा नेताओं और विधायकों को जनता के तिरस्‍कार का सामना करना पड़ रहा है। बजट पर तंज कसते हुए कहा कि इसे अमृतकाल का बजट बताया जा रहा है, तो क्‍या पहले वाले बजट जहर वाले थे। भाजपा के लोग सोचते हैं कि हम शब्‍दों के खिलवाड़ से लोगों को भ्रमित कर सकते हैं। हीरा सस्‍ता किया है, क्‍या गरीब हीरा खरीद सकता है। जूता चप्‍पल सस्‍ता किया है। गरीबों के जूते चप्‍पल तो काम की तलाश में ही घिस जाते हैं। हम दोनों गठबंधन के लोग जनता के बीच एक उम्‍मीद के साथ आए हैं। अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल होगी।

रालोद अध्‍यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि गन्ना जीतेगा और जिन्ना हारेगा। बजट में किसान और युवाओं की उपेक्षा हुई है। मनरेगा का बजट आधा कर दिया गया है। मनरेगा में कार्य दिवस 100 से घटाकर 44 कर दिए हैं। किसानों के लिए भी बजट आधा कर दिया है। युवाओं और किसानों पर डबल इंजन की मार पड़ी है।

समाजवादी रथ यात्रा के लिए भीड़ उमड़ी। ट्रैक्टर ट्रॉलियां लेकर सपा व रालोद कार्यकर्ता पहुंचे। इससे मुजफ्फरनगर-सहारनपुर रोड पर जाम लग गया है। अखिलेश यादव और चौधरी जयन्त सिंह ने समाजवादी रथ की छत पर खड़े होकर अभिवादन स्वीकार किया। दोनों के हाथ में गन्ना भी रहा।