एक साल पहले पुलिस चौकी में किया था प्रेम वि​वाह, विवाद होने से पत्नी को उतारा मौत के घाट

Kanpur Zone UP

कानपुर।(www.arya-tv.com) एक साल पहले पुलिस चौकी में प्रेम विवाह करने वाले युवक ने घर में पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी। दोनों में अक्सर झगड़ा होता था और शुक्रवार की रात भी मामूली सी बात पर उनमें विवाद हो गया था। सुबह दुधमुंहे बच्चे के रोने की आवाज सुनकर मां कमरे में पहुंची तो नजारा देखकर सन्न रह गई। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है और आरोपित पति को हिरासत में लिया है।

बिठूर थाना क्षेत्र के टिक्कनपुरवा गांव में रहने वाला महेंद्र चाट का ठेला लगाने के साथ टेंट हाउस में मजदूर करता है। एक साल पहले उसे परियर उन्नाव की बीस वर्षीय पूजा कश्यप से प्यार हो गया था। दोनों एक दूसरे मिलते रहे और घर से कहीं चले जाने पर घर वालों ने पुलिस को जानकारी दी थी। इसपर पुलिस उन्हें पकड़कर लाई थी और दोनों के बालिग होने के चलते 22 फरवरी 2019 को परियर चौकी में उनका प्रेम विवाह हुआ था। इसके महेंद्र पत्नी पूजा के साथ गांव में रह रहा था। चार माह पहले पूजा ने बेटे को जन्म दिया था, जिसका नाम उसने अदित रखा था। घर वालों ने बताया कि बच्चा होने के बाद से दोनों में बात बात पर बहुत झगड़ा शुरू हो गया था।

शनिवार की सुबह कमरे से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर सास कौशल्या पहुंची तो महेंद्र से बच्चे के रोने और बहू के न उठने के बारे में पूछा। अंदर बैठे महेंद्र ने पूजा की गला दबाकर हत्या कर देने की जानकारी दी तो कौशल्या सन्न रह गई। इसकी जानकारी होते ही पड़ोसी भी घर के बाहर दरवाजे पर एकत्र हो गए। ग्राम प्रधान बालेंद्र सिंह की सूचना पर बिठूर पुलिस पहुंच गई और घटना पड़ताल की। पुलिस ने कौशल्या और पड़ोसियों से भी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने महेंद्र को हिरासत में ले लिया।

महेंद्र से पूजा की दूसरी शादी थी। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि महेंद्र ने पूजा से प्रेम विवाह किया था। इससे पहले भी पूजा की शादी हाे चुकी थी। पहले पति के घर वालों से अनबन के बाद पूजा मायके आ गई थी। पूजा के घर वालों ने पहले पति से समझौते के बाद रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद पूजा का महेंद्र से प्रेम विवाह हुआ था।

पुलिस की पूछताछ में महेंद्र ने बताया देर रात चार माह का दुधमंहा बेटा जोर जोर से रो रहा था। रो-रोकर वह हिचकी लेने लगा था, इसपर वह पूजा से बार बार बेटे को दूध पिलाने के लिए कह रहा था। पूजा जानबूझ कर बेटे को दूध नहीं पिला रही थी। काफी पुचकारने के बाद भी बेटे ने रोना बंद नहीं किया तो पूजा से फिर दूध पिलाने के लिए कहा लेकिन उसने दो टूक मना कर दिया। इसपर बहस के बाद मारपीट हो गई और उसने गुस्से में आकर पूजा का गला दबा दिया, जिससे कुछ देर में उसकी मौत हो गई। बिठूर पुलिस ने आरोपित पति से पूछताछ के बाद कार्रवाई शुरू की है।