(www.arya-tv.com)बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक मीम शेयर कर लोगों की भावनाएं आहत कर दी हैं। अरशद ने फिल्म गोलमाल के एक सीन को शेयर करते हुए इसे रूस- यूक्रेन के बीच चल रही जंग से जोड़ा है। इस संवेदनशील स्थिति में एक्टर का इस तरह का मजाक सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया और लोगों ने उनकी आलोचना करनी शुरू कर दी।
अरशद वारसी से पहले भी कई बॉलीवुड सेलेब्स मजाक करने पर बुरी तरह फंस चुके हैं। आइए जानते हैं कौन हैं वो सेलेब्स-
श्वेता तिवारी
एक वेब सीरीज के प्रमोशन के लिए भोपाल पहुंची श्वेता ने मीडिया के सामने कहा था कि उनकी ब्रा का साइज ‘भगवान’ ले रहे हैं। वीडियो सामने आते ही एक्ट्रेस पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा। कुछ समय बाद राजधानी में रहने वाले सोनू प्रजापति ने श्वेता के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। बाद में एक्ट्रेस ने बयान पर सफाई देते हुए माफी मांगी थी।
कंगना रनोट
किसान आंदोलन में नजर आ रही महिला महिंदर कौर पर मजाक करना कंगना को काफी भारी पड़ चुका है। कंगना ने बुजुर्ग महिला की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था कि वो 100 रुपए में कहीं भी बुलाई जा सकती हैं। एक्ट्रेस के इस मजाक के चलते उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज हुआ था। वहीं दूसरी तरफ पंजाबी इंडस्ट्री के लोग भी एक्ट्रेस के खिलाफ हो गए थे।
आर्य बब्बर
एक्टर आर्य बब्बर भी फ्लाइट में पायलट से मजाक कर बुरे फंस चुके हैं। आर्य ने अपने दोस्तों से वीडियो कॉल पर बात करते हुए कुछ जोक किए थे, लेकिन पायलट को लगा कि उनका मजाक बनाया गया है। पायलट ने सुना की आर्य उनके पास से गुजरने पर कह रहे थे कि ये क्या उड़ाएगा। इस बात पर दोनों की तीखी बहस हुई थी, जिसका एक वीडियो भी एक्टर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था।
विवेक ऑबेरॉय
साल 2019 में हुए चुनाव के दौरान विवेक ओबेरॉय ने एक्स गर्लफ्रेंड ऐश्वर्या राय पर एक वाहियात मीम शेयर किया था। मीम में चुनाव की तुलना ऐश्वर्या से करते हुए सलमान खान को ओपिनियन पोल, खुद को एक्जिट पोल और अभिषेक को रिजल्ट की तरह दिखाया था। इस पोस्ट पर विवेक को काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। बाद में पोस्ट डिलीट कर विवेक ने माफी तक मांगी थी।