सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश का कहना यूपी के अगले सीएम ​अखिलेश यादव

# ## Varanasi Zone

मऊ (www.arya-tv.com) सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19वें स्थापना दिवस पर आज बुधवार को रतनपुरा ब्लाक के हलधरपुर (ढ़ोलवन) सुभासपा व सपा की मित्रता का गवाह बन रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 के किनारे स्थित मैदान में आयोजित जनसभा की तैयारियां लगभग एक दिन पूर्व ही पूर्ण हो चुकी थीं।

सुबह नौ बजे के बाद से आयोजन शुरू हुआ तो मंच पर पदाधिकारियों का संबोधन शुरू हुआ। मंच से एक एक कर महापंचायत के बारे में जनता को संबोधित करते हुए आगामी चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं को जूझने के लिए तैयार रहने की अपील की गई।

दोपहर 12.25 बजे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर एक साथ आयोजन स्‍थल पर पहुंचे तो भीड़ ने नेताद्वय का जोरदार नारों से स्‍वागत किया। इससे पूर्व दोनों ही नेता एक साथ वाराणसी में बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे तो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्‍वागत किया।

अखिलेश यादव ने सुभासपा के 19 वें स्‍थापना दिवस समारोह के मौके पर मंच से जनता को संबोधित किया। कहा कि -पूरे मैदान में चारो तरफ पीला और हरा रंग (झंडा) दिख रहा है। यह देख दिल्ली और लखनऊ में बैठे लोग लाल पीला हो रहे होंगे।

यह ओम प्रकाश राजभर जी अच्छी तरह से जान रहे हैं। जिस तरह से बंगाल में खेल हुआ है उसी तरह प्रदेश में खदेड़ा होगा। प्रदेश में अब जो गठबंधन हुआ है उससे भाजपा का सफाया होगा। भाजपा ने जो सपने दिखाए, झूठ बोलकर जनता को बरगलाया। अब झूठ बोलने वालों की कोई सजिश दलित और पिछड़े वर्ग वालों पर सफल नहीं होगा। कोरोना संक्रमण काल में गरीबों को अनाथ छोड़ दिया गया। अब मेडिकल कालेज खोले गए। उद्घाटन कर दिया गया।

पर्दा हटा तो अंदर कुछ भी मौजूद नहीं। अब लखनऊ वाले दिल्ली वालों के लिए और दिल्ली वाले प्रदेश के लिए झूठ बोल रहे हैं।जैसा कि पूर्व निर्धारित है इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर और सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव की राजनैतिक मित्रता का भी यह आयोजन साक्षी बनेगा। लोगों के बीच चर्चा का विषय है कि आगामी विधानसभा चुनावों के पूर्व सुभासपा भागीदारी संकल्प मोर्चा के दलों एवं समाजवादी पार्टी की दोस्ती का आगाज करने वाली यह महापंचायत क्या गुल खिलाएगी।