(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार देर रात बाइक ओवर टेक करने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। बीच सड़क पर मारपीट होने से लखनऊ-हरदोई मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। हालात और बेकाबू हो गए जब दोनों पक्ष पुलिस के पहुंचने के बाद भी नहीं रुके। पुलिस ने लाठी भांज कर उपद्रवियों को खदेड़ा। इसी दौरान मौके पर मौजूद किसी शख्स ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। हरकत में आई पुलिस ने देर रात ही 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला काकोरी थानाक्षेत्र का है। इंस्पेक्टर ने बताया कि अंधे की चौकी के पास बुधवार रात शेखपुरवा के इकलाख और आदिल के बीच बाइक ओवर टेक को लेकर विवाद हो गया था। जिसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। चौकी पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष शांत नहीं हुए। इस पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसी बीच थाना पुलिस के पहुंचने पर उपद्रवी भाग निकले।
सोशल मीडिया में सामने आए वीडियो की फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित किया गया। जांच के आधार पर एक पक्ष से इकलाख, सोहेल और दूसरे पक्ष से आदिल और शोभित साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। बीच सड़क पर उपद्रव करने वाले अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। अराजकता करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा।