5 और 6 को UP समेत 6 राज्यों की समीक्षा करेंगे नड्‌डा, यहां अगले साल हैं विधानसभा चुनाव

National

(www.arya-tv.com)भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बार फिर मिशन इलेक्शन पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने 5 और 6 जून को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्रियों की समीक्षा बैठक बुलाई है। इस बैठक का फोकस 2022 में होने वाले 6 राज्यों के विधानसभा चुनावों पर होगा। इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, गुजरात और हिमाचल प्रदेश शामिल है। बैठक में चुनावों को लेकर और मौजूदा हालात से उबरने के लिए रणनीति भी तैयार की जाएगी। यही वजह है कि इस बैठक से पहले नड्‌डा ने सभी संगठन मंत्रियों से अलग-अलग राज्यों को समीक्षा भी करवा ली है। उत्तर प्रदेश के हालात का जायजा लेने के लिए हाल ही में बीएल संतोष को भेजा था।

कोरोना के बीच जनता से कनेक्ट होने के लिए अभियान लॉन्च होगा
कोरोना के बीच पार्टी की छवि सुधारने के लिए नड्‌डा ‘सेवा ही संगठन’ अभियान लॉन्च करेंगे। इस अभियान के तहत BJP कार्यकर्ता आम लोगों के बीच जाकर उनकी मदद करेंगे। कोरोना संकट के दौरान परेशान लोगों की सहायता करने का लक्ष्य रखा गया है। सबसे ज्यादा फोकस उत्तर प्रदेश पर होगा। बैठक में इस साल पश्चिम बंगाल, असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु में हुए चुनावों की समीक्षा भी की जाएगी। भाजपा ने असम और पुडुचेरी में जीत हासिल की है, जबकि बंगाल, तमिलनाडु और केरल में करारी शिकस्त मिली है।

बैठक के एजेंडे में ये भी शामिल
1. 
इलेक्शन वाले राज्यों में पार्टी की ओर से सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों को बढ़ाने के लिए कहा जाएगा।
2. कोरोना के समय पार्टी की तरफ से जितने सामाजिक कार्य हुए हैं उनकी भी समीक्षा की जाए।
3. सेवा ही संगठन योजना को लॉन्च किया जाएगा।
4. जरूरतमंद लोगों को आर्थिक, सामाजिक मदद दी जाए।

संगठन मंत्रियों को तैयारी से आने के लिए बोला गया
बताया जाता है कि नड्‌डा ने सभी संगठन मंत्रियों और राज्यों के प्रभारियों को साफ निर्देश दिया है कि वह अपने-अपने राज्यों से जुड़ी सारी जानकारी के साथ आएं। रणनीति और संगठन के कामकाज की पूरी रिपोर्ट लाने के लिए भी नड्‌डा ने कहा है। जिन राज्यों में BJP की सरकार है वहां के प्रभारियों से सरकार और संगठन के बीच के तालमेल, मंत्रियों और संगठन के नेताओं की रिपोर्ट भी मांगी है।