पनकी क्षेत्र में लापता महिला का शव, पति पर लगा हत्या का आरोप

Kanpur Zone

कानपुर(www.arya-tv.com) कानपुर जिले की पनकी क्षेत्र में लापता महिला का शव सोमवार सुबह चकेरी स्थित कोयला नगर हाईवे के पास पाया गया। सुचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पडताल शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए। महिला के गले में चोट के निशान मिले हैं।

रविवार देर रात को महिला के मायके वालों ने पनकी थाने में दामाद पर बेटी का अपहरण करने और उसकी हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत कराई। पनकी निवासी नन्हे सिंह की बेटी ममता सिंह (28) की शादी मीरपुर कैंट निवासी धर्मेंद्र से हुई थी। पुलिस के मुताबिक धर्मेंद्र का पत्नी से विवाद चल रहा था। जिस कारण 2 साल से वह अपने मायके पनकी में रह रही थी। रविवार को सुबह करीब 11 बजे धर्मेंद्र अपनी ससुराल पहुंचा।

जिसके बाद वह ममता को घुमाने और शाम तक घर छोड़ने की बात कहते हुए उसे अपने साथ बाइक से ले गया था। रात तक बेटी के नहीं आने और उसका फोन बंद आने पर देर रात मायके वालों ने पनकी थाने में दामाद पर बेटी का अपहरण करने और उसकी हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत की थी।

जिसके बाद सोमवार सुबह चकेरी स्थित कोयला नगर हाईवे पर महिला का शव मिला है। जिसकी सूचना पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए। पनकी थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका है।