कच्चे तेल की महंगाई से शेयर बाजार में हाहाकार,सेंसेक्स 300 अंक फिसला, निफ्टी 22,700 के नीचे आया

# ## Business

मुंबई। कच्चे तेल की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बने रहने और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयर में बिकवाली के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 281.95 अंक टूटकर 73,316.21 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 63.15 अंक फिसलकर 22,694.60 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इटर्नल, मारुति और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में बढ़त दर्ज की गई।

कच्चे तेल की कीमतों पर निवेशकों की नजर

अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। हालांकि, मंगलवार को ब्रेंट क्रूड वायदा भाव 0.74 प्रतिशत गिरकर 115 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर निवेशकों की धारणा पर पड़ रहा है।

विदेशी निवेशकों ने बेचे शेयर

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,462.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। विदेशी निवेशकों की बिकवाली भी बाजार पर दबाव डालने वाले कारकों में शामिल रही।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 सूचकांक काफी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक तथा हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक गिरावट में रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,462.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स सोमवार को 482.92 अंक और निफ्टी 153.20 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।