कोहरे के कारण दो युवकों की मौत और 8 लोग घायल

Meerut Zone UP

मेरठ (www.arya-tv.com) कोहरे ने शनिवार सुबह कहर बरपाया। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे (ईपीई) पर एक स्थान पर बाइक फिसलने व दूसरे स्थान पर छह वाहन आपस में टकराने से हादसा हुआ। दो युवकों की मौत तथा आठ यात्री घायल हुए। जनपद में शुक्रवार शाम ही कोहरा छा गया था। इससे सड़कों पर दृश्यता बहुत कम हो गई थी।

ग्राम नंगला बहलोलपुर निवासी युवक रजत शर्मा (25) पुत्र अशोक, सचिन यादव (24) पुत्र तेजपाल यादव व दीपक शर्मा (25) पुत्र अशोक शर्मा मंगलवार सुबह करीब 5.30 बजे दिल्ली के नरेला की एक फैक्ट्री में नौकरी करके घर लौट रहे थे। ईपीई पर यमुना पुल के निकट रोडी पड़ी होने से बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए।

जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने रजत शर्मा को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों युवकों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उनको हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली के एक अस्पताल में युवक सचिन की उपचार के दौरान मौत हो गई। घायल युवक दीपक की हालत गंभीर बनी है। वहीं दूसरा हादसा ईपीई पर ग्राम सिंगौली तंगा के पास हुआ। एक साथ छह वाहन आपस में टकरा गए।

वाहनों में सवार यात्री जुल्फिकार व हकीकत निवासीगण ग्राम नाहल (गाजियाबाद), सविता व उनका बेटा नुकुल निवासी हरियाणा, हरवीर, सोनू, अंजना निवासीगण पंजाब घायल हुए। उनको गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर एसपी अभिषेक सिंह का कहना है कोहरे के कारण हुए हादसों में दो युवकों की मौत तथा कई यात्री घायल हुए है।