विनोद मेहरा का जन्मदिन:रेखा को बहू के रूप में देख भड़क गई थीं विनोद मेहरा की मां

Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com)हिंदी फिल्मों में चॉकलेटी हीरो की डिमांड हमेशा ही रही। विनोद मेहरा भी ऐसे ही एक्टर्स में से एक थे। विनोद मेहरा का जन्म 13 फरवरी, 1945 को लाहौर में हुआ। उन्होंने अपने 3 दशक लंबे करियर में करीब 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। 30 अक्टूबर 1990 को हार्ट अटैक की वजह से विनोद का निधन हो गया था। जब विनोद की मौत हुई तो उनकी बेटी सोनिया की उम्र दो साल से भी कम थी। 1988 को जन्मीं सोनिया, विनोद की तीसरी पत्नी किरण की बेटी हैं। विनोद ने कुल 4 शादियां की थीं।

दरअसल विनोद ने पहली शादी अपनी मां की मर्जी से मीना ब्रोका से की थी। शादी के कुछ टाइम बाद ही विनोद को माइनर हार्ट अटैक आया था। ठीक होने के बाद विनोद मेहरा एक्ट्रेस बिंदिया गोस्वामी को दिल दे बैठे। बिंदिया गोस्वामी उम्र में विनोद मेहरा से 16 साल छोटी हैं। हालांकि कुछ महीनों तक अफेयर के बाद दोनों ने शादी भी कर ली। लेकिन ये रिश्ता सिर्फ चार साल चला और फिर दोनों अलग हो गए। विनोद से अलग होने के बाद बिंदिया ने फिल्म डायरेक्टर जेपी दत्ता से शादी कर ली। दूसरी ओर, बिंदिया से रिश्ता टूटने के बाद विनोद ने किरण से शादी की। किरण से उन्हें बेटी सोनिया और बेटा रोहन हैं।

रेखा से भी की थी गुपचुप शादी

यासीर उस्मान की किताब ‘रेखा: एन अनटोल्ड स्टोरी’ के मुताबिक, विनोद मेहरा ने रेखा से भी शादी की थी। किताब के मुताबिक, कोलकाता में शादी कर रेखा, जब विनोद मेहरा के घर आईं तो विनोद की मां कमला मेहरा ने गुस्से में आकर चप्पल निकाल ली। जैसे ही रेखा उनके पैर छूने लगीं, तो उन्होंने रेखा को धक्का मारकर दूर हटा दिया। रेखा घर के दरवाजे पर खड़ी थीं और उनकी सास गालियां दे रही थीं। हालांकि, बाद में विनोद मेहरा ने बीच-बचाव किया और मां को किसी तरह समझाया। बाद में विनोद मेहरा ने रेखा से कहा था कि वो अपने घर लौट जाएं और फिलहाल वहीं रहें। हालांकि बाद में ये शादी टूट गई थी।