लैंड स्लाइड के चलते 15 दिन में सिर्फ 4 दिन खुला कश्मीर हाईवे

National

(www.arya-tv.com) जम्मू कश्मीर की बर्फ से ढंकी वादियों को देखने के लिए यह सबसे मुफीद मौसम है। श्रीनगर में सर्दी ने 25 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। टूरिस्ट के ग्रुप सड़क मार्ग से कश्मीर देखने के लिए निकले हैं। लेकिन, कश्मीर की बर्फ के रोमांच पर बंद हाईवे भारी पड़ रहा है। कश्मीर को देश से जोड़ने वाला एकमात्र हाईवे बर्फबारी और लैंड स्लाइडिंग के चलते बंद है।

हजारों गाड़ियां हाईवे पर फंसी हैं। यह हर साल की समस्या है। लेकिन, इस साल जनवरी के बीते 15 दिन में यह हाईवे सिर्फ चार दिन के लिए खुला है। मौसम को देखते हुए हाईवे के अगले 10 दिन भी खुलने की संभावना नजर नहीं आ रही है। फिलहाल, अगर आप कश्मीर जाना चाहते हैं तो हवाई मार्ग ही एकमात्र रास्ता है।

कश्मीर को बाकी देश से जोड़ने वाला अकेला सड़क मार्ग
कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला अकेला हाईवे बर्फबारी में टूरिस्ट्स के लिए बेहद खतरनाक हो जाता है। जम्मू से श्रीनगर को जोड़ने वाले इस हाईवे की लंबाई 270 किमी है। लेकिन, जम्मू के रामबन जिले में 20 से 30 किमी का रास्ता यात्रियों के लिए सर्दियों के दौरान सबसे ज्यादा मुसीबत पैदा करता है।

इस बार साल शुरू होते ही बर्फ ने कश्मीर में दस्तक दी। जिसके बाद पूरे देश के सैलानियों ने गुलमर्ग, पहलगाम, जम्मू के पटनीटॉप और सनासर का रुख किया। लेकिन, बर्फबारी के इस रोमांच पर लैंड स्लाइड भारी पड़ा। 4 जनवरी से ही कश्मीर हाईवे बंद है और टूरिस्ट जहां-तहां फंसे हैं।