स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवा लेखिका इशिका बंसल को मिला डीडी उत्तर प्रदेश पर काव्य पाठ का अवसर

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) स्वामी विवेकानंद की जयंती यानी राष्ट्रीय युवा दिवस पर 12 जनवरी, मंगलवार को रात 8:30 बजे डीडी उत्तर प्रदेश (लखनऊ दूरदर्शन) पर यूथ जंक्शन के विशेष कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम में आगरा सहित प्रदेशभर के करीब आधा दर्जन युवा अपने विचार व काव्य-पाठ द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को रेखांकित करते हुए उनके विराट स्वरूप को नमन करेंगे। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए चुनी गई आगरा की युवा लेखिका और जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में दसवीं की छात्रा इशिका बंसल भी इस कार्यक्रम में काव्य पाठ करेंगी।

कार्यक्रम का संचालन निधि मिश्रा ने किया है। कार्यक्रम के निर्देशक मयंक श्रीवास्तव ने बताया कि कोविड19 महामारी की नियमावली का पालन करते हुए कार्यक्रम में वर्क फ्रॉम होम के तहत युवा प्रतिभागियों ने सहभागिता की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के हृदय में स्वामी विवेकानंद के विचारों का प्रसार करना है। उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण विभाग द्वारा 10 जनवरी को दिया जाने वाला प्रतिष्ठित विवेकानंद यूथ अवार्ड अब 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस और उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री जी के कर कमलों से प्रदेश के 10 युवाओं को दिया जाएगा। इनमें एकमात्र बिटिया के रूप में ताज नगरी की सुप्रसिद्ध युवा लेखिका इशिका बंसल भी शामिल हैं।