(www.arya-tv.com)दिल्ली से बेंगलुरु आ रहे इंडिगो के प्लेन में एक महिला ने बेटे को जन्म दिया। इंडिगो ने भी कहा कि दिल्ली से बेंगलुरु जा रही हमारी फ्लाइट 6 ई 122 में बुधवार शाम 7.40 बजे बच्चे का जन्म हुआ। बच्चा प्रीमेच्योर है। हालांकि, मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। डिलीवरी के दौरान फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य रहा। यह प्लेन शाम 7.40 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। सभी को बधाई।
डिलीवरी एयरलाइन्स की ट्रेंड क्रू मेम्बर्स ने करवाई। इंडिगो ने बच्चे और बच्चे की मां के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फ्लाइट के लैंड होने के बाद इंडिगो के क्रू मेम्बर्स ने बच्चे और उसकी मां को बधाई के साथ तोहफा भी दिया। सोशल मीडिया पर बच्चे के जन्म के बाद की कई तस्वीरें भी साझा की जा रही हैं।
बच्चे को मिल सकता है जीवनभर फ्री हवाई यात्रा का तोहफा
इस बीच ऐसा कहा जा रहा है कि बच्चे को इंडिगो एयरलाइन्स की ओर से फ्री हवाई यात्रा करने का तोहफा दिया जा सकता है। आमतौर पर एयरलाइन्स प्लेन में जन्म लेने वालों बच्चों को ऐसा मौका देती हैं। हालांकि, अब तक इस बारे में इंडिगो की ओर से कोई ऐलान नहीं किया गया है।