लखीमपुर के बाद उत्तर प्रदेश में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र में एक दलित दंपती की 17 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ है।
क्या है पूरा मामला
रात 8 बजे के आसपास लड़की घर के सामने स्थित हैंडपंप पर पानी भरने गई थी तभी पास में रहने वाला अर्जुन निषाद अपने एक अज्ञात साथी के साथ बाइक से आकर लड़की का मुंह दबाकर उठा ले गया।
इसके बाद जब देर रात तक लड़की घर नहीं आई तो घरवालों ने काफी खोजबीन की। सुबह डेहरीभार स्थित सम्मय माता स्थान के पीछे झाड़ में कुछ लोगों ने अर्धनग्न स्थिति में पड़ी बेहोश लड़की को देखा। होश में आने पर लड़की ने अपने घर का पता बताया। लड़की को लेकर लोग जब उसके घर पहुंचे तो परिजन अपनी बच्ची की हालत देखकर रोने लगे।
लड़की ने मां-बाप को बताया कि धौसहर गांव का अर्जुन व उसका एक अज्ञात साथी जबरदस्ती रात को उठा ले गए थे जहां पूरी रात दुष्कर्म किया और सिगरेट से शरीर को कई जगह से जला भी दिया। सुबह होते ही दोनों भाग गए।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने लड़की को सीएचसी गोला पहुंचाया जहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसके परिजन यहां एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश पैदा हो गया है. इस संबंध में एसपी का कहना है कि इस घटना में शामिल दोनों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है और उनके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा विभिन्न धाराओं में पंजीकृत कर लिया गया है।