स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल पॉजिटिव; 24 घंटे में 8.5 लाख लोगों की जांच हुई

Health /Sanitation

(www.arya-tv.com)देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर शुक्रवार को 25 लाख के पार हो गया। अब तक 25 लाख 6 हजार 112 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 17 लाख 90 हजार 723 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 48 हजार 888 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 6 लाख 66 हजार 662 मरीजों का इलाज चल रहा है।

देश में पिछले 24 घंटे के अंदर 8 लाख 48 हजार 728 लोगों की जांच हुई। एक दिन में अब तक की ये सबसे ज्यादा संख्या है। केंद्र सरकार ने कहा कि जल्द ही इसे बढ़ाकर 10 लाख प्रतिदिन करने की तैयारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि मरीजों के ठीक होने की रफ्तार भी लगातार बढ़ रही है। अब रिकवरी रेट 71.17% पहुंच गया है। मतलब हर 100 मरीजों में 71 लोग ठीक हो जा रहे हैं।

इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल भी संक्रमित हो गए हैं। लव अग्रवाल वही अफसर हैं, जो हर रोज कोरोना मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते थे। केंद्र सरकार ने अग्रवाल को कोरोना रोकथाम की जिम्मेदारी दी थी। 46 वर्षीय लव अग्रवाल के जिम्मे स्वास्थ्य मंत्रालय में ग्लोबल हेल्थ, मेंटल हेल्थ, टेक्नोलॉजी, पब्लिक पॉलिसी की जिम्मेदारी है।