अयोध्या में आस्था का नया सूर्योदय, आज रखी जाएगी राम मंदिर की नींव

UP

(www.arya-tv.com) अयोध्या में राम जन्मभूमि में विराजमान रामलला के मंदिर के निर्माण कार्य का शुभारंभ करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से पहले अयोध्या ‘राममय’ हो गई है। हर तरफ पीले रंग से सजे घरों और मंदिरों के भवन अयोध्या में आस्था के नए सूर्योदय का संकेत दे रहे हैं।

धर्मनगरी की सड़कों और गलियों में रामचरित मानस की चौपाइयां गूंज रही हैं। विभिन्न आश्रमों और मंदिरों में संतों के साथ श्रद्धालु रामधुन का गायन कर भावविभोर हो रहे हैं। लग रहा है मानो दीवाली है या फिर होली पर्व जैसा उल्लास हर तरफ छाया हुआ है। सभी को बुधवार को प्रधानमंत्री के हाथों मंदिर निर्माण शुरू होने का इंतजार है।

सरयू तट पर भी अलग ही नजारा है। सुबह से ही नदी में स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालु, संत और स्थानीय लोग मंदिर निर्माण शुरू होने की खुशी से लबरेज दिखे। घाटों पर पंडों के बीच सिर्फ मोदी के आने और मंदिर निर्माण के उल्लास से जुड़ी बातें होती रहीं। सरयू घाट पर तमाम पुजारी भी शुभ घड़ी के नजदीक आ जाने से प्रफुल्लित रहे। घाट पर स्नान के लिए आए संत रामभद्र दास ने कहा कि घाट पर पहुंचने के बाद महसूस हुआ कि राम मंदिर निर्माण शुरू होने की खुशी से सरयू नदी भी हिलोरे ले रही है।