शाहजहांपुर।(www.arya-tv.com) आयुर्विज्ञान संस्थान (पीजीआइ) में सुविधाएं न मिलने पर और इंफेक्शन बढ़ने पर भाजपा विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष से डॉक्टरों की शिकायत की। विधायक ने डाॅक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित को पत्र भेजकर पूरे मामले से भी अवगत कराया है।
तिलहर विधायक रोशन लाल वर्मा ने बताया कि प्रोस्टेट की समस्या हुई थी, जिसके चलते उन्होंने 28 जनवरी को पीजीआइ में अपना चेकअप कराया था। जहां डॉक्टर ने उन्हें दवा दी थी। विधायक का आरोप है कि दवा से हालत में सुधार तो नहीं हुआ बल्कि इंफेक्शन और बढ़ गया। वही तीन फरवरी को दोबारा अपना इलाज कराने पीजीआई पहुंचे ।
विधायक का कहना है कि जब वह दुबारा इलाज कराने पहुंचे तो उन्हें उचित प्रोटोकॉल नहीं दिया गया। बल्कि सीधे इमरजेंसी वार्ड भेज दिया गया। जहां वह ढाई घंटे स्ट्रेचर पर लेटे रहे। जिसके बाद करीब साढे़ तीन बजे डॉक्टर पहुंचे। डाक्टराें ने कहने के बावजूद प्राइवेट वार्ड न देकर सीधे जनरल वार्ड में भर्ती कर दिया।
उन्होंने बताया कि तबियत ज्यादा बिगड़ने पर चार फरवरी को डिस्चार्ज हो गए और गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती होकर अपना इलाज कराया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजा है, जिसमें ये कहा है कि जब जनप्रतिनिधि के साथ ऐसा बर्ताव हो रहा तो आम जनता की बात वहां कौन सुनता होगा। उन्होंने नियम 51 के तहत विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाया है।
