मुंबई। काशी की कला, संस्कृति, संगीत और सभ्यतागत विरासत का अनूठा संगम शनिवार से नमो घाट पर देखने को मिलेगा। यहां तीन दिवसीय महोत्सव ‘जश्न-ए-बनारसिया’ का आगाज होगा। 30 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। महोत्सव में देश-दुनिया की जानी-मानी हस्तियां काशी की सांस्कृतिक पहचान, इतिहास और भारतीय परंपराओं पर अपने विचार साझा करेंगी। वहीं, संगीत और कला की विभिन्न प्रस्तुतियां आयोजन को खास बनाएंगी।
यह महोत्सव CII बनारस बिनाले के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसमें गायक कैलाश खेर, नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी, प्रसिद्ध तबला वादक बिक्रम घोष और फैशन डिजाइनर जेजे वलाया और राघवेंद्र राठौर समेत कई प्रमुख हस्तियां हिस्सा लेंगी।
कैलाश खेर और कैलासा की प्रस्तुति बनेगी खास आकर्षण
महोत्सव के दूसरे दिन यानी 29 नवंबर की शाम संगीत प्रेमियों के लिए खास रहने वाली है। इस दौरान मशहूर गायक कैलाश खेर अपने बैंड कैलासा के साथ करीब दो घंटे की लाइव प्रस्तुति देंगे। इससे पहले इतिहास लाइव, काव्यराग और कबीर कैफे के कार्यक्रम दर्शकों को संगीत और साहित्य के अलग-अलग रंगों से रूबरू कराएंगे।
बिक्रम घोष और जनजातीय नृत्य की दिखेगी झलक
30 नवंबर को महोत्सव के मंच पर तबला वादक बिक्रम घोष, पंडित अंशुमान महाराज और मुंडा ट्राइबल डांस एन्सेम्बल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा बैकस्टेज सिब्लिंग्स भक्ति संगीत को आधुनिक अंदाज में पेश करेंगे। इन प्रस्तुतियों के जरिए शास्त्रीय संगीत, लोक परंपरा और समकालीन कला का संगम देखने को मिलेगा।
संस्कृति, अर्थव्यवस्था और फैशन पर होगी चर्चा
महोत्सव में केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि विचार-विमर्श के कई सत्र भी आयोजित होंगे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नम्रता अडानी और सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी विभिन्न सत्रों में शामिल होंगे।
वहीं, लेखक अक्षत गुप्ता, कवि व्योमेश शुक्ल और अन्य वक्ता काशी की सांस्कृतिक विरासत, रचनात्मक अर्थव्यवस्था और भारतीय फैशन जैसे विषयों पर अपने विचार रखेंगे। आयोजन के जरिए काशी की ऐतिहासिक पहचान और आधुनिक भारत की रचनात्मक संभावनाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा। तीन दिवसीय महोत्सव का समापन गंगा आरती के साथ होगा।
