लखनऊ, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में लखनऊ की दो बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अलीगंज सेक्टर-क्यू की छात्रा यश्वी त्रिपाठी ने जिम्नास्टिक में चार और सृष्टि तिवारी ने तैराकी में तीन पदक जीतकर नेशनल स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। जबकि कक्षा 11 की छात्रा सृष्टी ने मंगलूर में आयोजित तैराकी स्पर्धा में तीन पदक अपने नाम किए हैं।
21 से 22 नवंबर तक प्रयागराज में आयोजित विद्या भारती की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कक्षा छह की छात्रा यश्वी ने अंडर-14 वर्ग में भाग लिया। यशवी ने जिम्नास्टिक की चार स्पर्धाओं में अद्भुत संतुलन और कौशल दिखाते हुए बीम, बार और फ्लोर इवेंट में प्रथम स्थान हासिल कर तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जबकि वाल्ट स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक जीता। इस प्रदर्शन के आधार पर अब वह आगामी 16 जनवरी को कोलकाता में होने वाले नेशनल स्कूल गेम्स में विद्या भारती का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दूसरी ओर 21 व 22 नवंबर को ही कर्नाटक के मंगलौर में आयोजित विद्या भारती की राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा सृष्टि तिवारी ने जलवा बिखेरा। अंडर-17 आयु वर्ग में सृष्टि ने 400 मीटर फ्री-स्टाइल, 200 मीटर फ्री-स्टाइल और 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सृष्टि अब 5 से 7 जनवरी तक गोवा में आयोजित होने वाले नेशनल स्कूल गेम्स में विद्या भारती की ओर से चुनौती पेश करेंगी।
उल्लेखनीय है कि सृष्टि इससे पहले खेलो इंडिया वूमेन सीरीज 2024, सीनियर स्टेट 2026 और इंदौर में 2024 में हुई वाटर पोलो प्रतियोगिता में भी पदक जीत चुकी हैं।
प्रधानाचार्य ने दी बधाई, विद्यालय में हर्ष
विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने दोनों होनहार छात्राओं की इस गौरवशाली उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए बधाई दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों बेटियां नेशनल स्कूल गेम्स में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लखनऊ और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
SGFI में विशेष दर्जा
नेशनल स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की प्रतियोगिताओं में देश के सभी राज्यों के साथ-साथ विद्या भारती और केंद्रीय विद्यालय संगठन की टीमों को भी स्वतंत्र राज्य के रूप में शामिल किया जाता है।
