लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों के सफर को मातम में बदल दिया। बच्चों से भरी बस में आगरा की ओर से आ रहे आलू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
बच्चों के टॉयलेट के लिए रोकी थी बस, तभी ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, टूर पर जा रही बस में करीब 50 बच्चे थे। मंगलवार सुबह कन्नौज जिले में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 210 पर चालक ने बच्चों के टॉयलेट जाने के लिए बस को सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान आगरा की तरफ से आ रहे आलू से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से बस क्षतिग्रस्त, चार बच्चों की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में चार बच्चों की जान चली गई, जबकि करीब 20 बच्चे घायल हो गए।
मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही यूपीडा की टीम, स्थानीय पुलिस और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों की टीम घायल बच्चों का उपचार कर रही है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य संभाला।
