जालौन: उरई में नगर पार्षद के घर खाना बनाते समय फटा गैस सिलेंडर, 12 से अधिक लोग झुलसे, 7 की हालत गंभीर

# ## UP

उरई शहर के शांतिनगर (वार्ड नंबर सात) में सभासद माताप्रसाद के घर में गैस सिलिंडर में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया. इस हादसे में 12 बच्चों समेत कुल 23 लोग झुलस गए और पास के तीन मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं.

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे सभासद की बहू स्वाति रसोई में चाय बना रही थीं. इसी दौरान गैस लीकेज के चलते सिलिंडर के रेगुलेटर में आग लग गई. स्वाति चिल्लाते हुए छत की ओर भागीं और भीतर मौजूद दयानंद भारती भी बाहर निकल आए. शोर सुनकर आसपास के लोग आग बुझाने के लिए घर के बाहर इकट्ठा हो गए, वहीं पास में खेल रहे बच्चे भी दरवाजे के पास आ खड़े हुए.

विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी

लोग आग पर काबू पा पाते, इससे पहले ही सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया. विस्फोट के बाद आग की लपटें और गुबार दरवाजे-खिड़कियों से बाहर निकल आए, जिसकी चपेट में आकर बाहर खड़े महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत 23 लोग झुलस गए. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई.

अस्पताल में भर्ती और जांच जारी

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत समेत अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना. अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि फिलहाल घायलों के उपचार पर प्राथमिकता दी जा रही है और घटनास्थल पर जाकर मामले की जांच की जाएगी