Sultanpur News : शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर तीन थाना प्रभारी नपे, नौ पुलिस अधिकारियों के बदले कार्यक्षेत्र

Uncategorized

जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर तीन थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर करने के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने नौ निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। इस बदलाव में कई थानों को नए प्रभारी मिले हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को थाने से हटाकर दूसरे विभागों में भेजा गया है।

एसपी के आदेश के मुताबिक निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्र को प्रभारी वीआईपी एवं एंटी भू-माफिया सेल से मोतिगरपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव को हलियापुर से गोसाईगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक शिवनारायण सिंह को पुलिस लाइन से लंभुआ का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। निरीक्षक कमलाकान्त त्रिपाठी को धम्मौर थाने से हटाकर कोतवाली देहात का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।

वहीं निरीक्षक धर्मवीर सिंह को कोतवाली देहात से धम्मौर थाने का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। महिला निरीक्षक हंसमती को महिला थाने के प्रभारी निरीक्षक पद से महिला सहायता प्रकोष्ठ भेजा गया है। उपनिरीक्षक अंजू मिश्रा को धनपतगंज थानाध्यक्ष से महिला थानाध्यक्ष बनाया गया है। उपनिरीक्षक संदीप त्रिपाठी को देहली बाजार चौकी प्रभारी से धनपतगंज थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उपनिरीक्षक तरुण कुमार पटेल को कादीपुर थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पद से चांदा थानाध्यक्ष बनाया गया है।

शिकायतों की समीक्षा में तीन थाना प्रभारी नपे

इससे पहले शनिवार रात जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा में गोसाईगंज, मोतिगरपुर और चांदा थाना प्रभारियों के कार्यों में लापरवाही और उदासीनता सामने आई थी। इसके बाद निरीक्षक अखण्ड देव मिश्रा, निरीक्षक अनिरुद्ध कुमार सिंह और निरीक्षक राजकुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया था।

तीनों अधिकारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच और आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। इसके बाद थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपने के लिए यह फेरबदल किया गया। एसपी विनीत जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता, लापरवाही अथवा कर्तव्य निर्वहन में शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को जनसुनवाई प्रभावी बनाने और प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।