योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में पौढ़ी जिले के पंचूर में निधन हो गया। मां के निधन की दुखद खबर मिलने के बाद योगी ने सारे प्रोग्राम रद्द किए और मां के अन्तिम दर्शनों के लिए सीधे उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। प्रधानमंत्री मोदी ने योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी मां के निधन पर दुख जताया, सांत्वना दी। होम मिनिस्टर अमित शाह, यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत बीजेपी के तमाम बड़े नेताओं ने भी इस दुख की घड़ी में योगी के प्रति संवेदना व्यक्त की।
आजम खान बोले-मां जैसी दौलत…
अखिलेश यादव और मायावती ने भी योगी की मां के निधन पर दुख जताया। मुरादाबाद पहुंचे सपा नेता आजम खान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाम की माता जी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ये बड़ा सदमा है, अल्ला ताला उन्हें सब्र अता फरमायें। आजम खान ने कहा, मां जैसी दौलत कहां किसी के पास होती है। मां जैसा कोई नहीं होता। काले रंग की कार से समर्थकों के साथ मुरादाबाद पहुंचे आजम खान ने हरथला के मस्जिद में नमाज पढ़ी।
सीएम योगी ने मां के लिए क्या कहा था
सीएम योगी ने मां के अंतिम दर्शन किए और एक तस्वीर पोस्ट की। कल उनकी मां का अन्तिम संस्कार होगा। बता दें कि योगी सन्यासी हैं और अपना घर छोड़ चुके हैं। आमतौर पर परिवार के बारे में कभी बात नहीं करते, परिवार के लोगों के संपर्क में भी नहीं रहते। लेकिन कुछ साल पहले इंडिया टीवी के शो आपकी अदालत में योगी ने पहली बार अपनी मां के बारे में बात की थी। योगी ने बताया था कि मां ही उनके जीवन की पहली शिक्षक हैं।
आप की अदालत में मां के बारे में बात करते समय योगी की आंखों में आंसू छलक गए थे। योगी ने बताया था कि उनकी पहली गुरु उनकी मां थीं, अक्षर ज्ञान मां से मिला और संन्यासी धर्म की पहली भिक्षा भी उन्होंने मां से ही ली थी। आज मां को खोने का दर्द उनके चेहरे पर दिखाई दिया।
