PM मोदी ने CM योगी से फोन पर की बात, माता सावित्री देवी के निधन पर जताया शोक

# ## National

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की और उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में उनके पैतृक गांव में निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की और उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

अमित शाह ने जताया शोक

गृह मंत्री अमित शाह ने भी सीएम योगी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का निधन अत्यंत दुःखद है। मां का जाना जीवन की वह क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति”

रक्षा मंत्री समेत अन्य नेताओं ने व्यक्त की संवेदनाएं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां का देहांत जीवन के सबसे असहनीय आघातों में से एक है। उन्होंने आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आदित्यनाथ की माता का निधन अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। “उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।” सीएम धामी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस अपार क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

विपक्ष के नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि

विपक्षी दलों के नेताओं की बात करें तो सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने भी सीएम योगी की मां के निधन पर दुख जताया। अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “उप्र के मुख्यमंत्री की पूज्य माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए हम प्रार्थना करते हैं।” वहीं मायावती ने कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का आज उनके गांव में निधन हो जाने की ख़बर अति-दुखद। उनके परिवार सहित सभी रिश्तेदारों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना।” भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं।”