- सहायक नगर आयुक्त/जोनल अधिकारी डॉ. आशीष सिंह के निर्देशन में सफाई, अतिक्रमण हटाने और खाली प्लाटों की सफाई पर विशेष जोर
लखनऊ। 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर नगर निगम जोन-8 की ओर से शहीद पथ और उसके आसपास विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। सहायक नगर आयुक्त/जोनल अधिकारी डॉ. आशीष सिंह के निर्देशन में नगर निगम की टीम शहीद पथ पर व्यापक सफाई, कूड़ा उठान, अतिक्रमण हटाने के साथ ही शहीद पथ के किनारे स्थित खाली प्लाटों की भी विशेष रूप से सफाई करा रही है। इन प्लाटों में जमा कूड़े-कचरे और गंदगी को हटाकर आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा रहा है। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण और अन्य अव्यवस्थाओं को दूर करने की कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शहीद पथ और आसपास का क्षेत्र साफ-सुथरा नजर आए। इस अभियान में मो. नईम (सीएसएफआई), सत्येंद्र (एसएफआई), मीरा राव (एसएफआई) सहित जोन-8 के अन्य कर्मचारी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। टीम द्वारा नियमित निगरानी के साथ सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
