हापुड़ में हुड़दंगियों पर बरसे ASP महेश कुमार, बोले- संभल कर रहना, वरना ठोक-ठोक कर लाल कर देंगे

# ## UP

उत्तर प्रदेश के हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले (गढ़ गंगा मेला) को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मेले की पवित्रता और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार हुड़दंगियों और मनचलों के खिलाफ सख्त एक्शन ले रहा है।

हापुड़ के एएसपी मैदान में उतरे, हुड़दंगियों को दी चेतावनी

हापुड़ के गढ़ गंगा मेला क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को ताक पर रखकर हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने अब पूरी तरह से कड़ा रुख अपना लिया है। मेला क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों और नियमों की धज्जियां उड़ाने की घटनाओं के बीच हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार स्वयं मैदान में उतरे और हुड़दंगियों को दो-टूक चेतावनी दी। उनका यह कड़ा तेवर और चेतावनी देने वाला अंदाज मीडिया के कैमरे में कैद हो गया। जिसमें वे कानून तोड़ने वालों को सख्त लहजे में समझाते नजर आ रहे हैं।

युवाओं की हरकतों पर जताई नाराजगी, बोले.तमीज से रहें और शांति बनाए रखें

घटना के दौरान ASP महेश कुमार ने युवाओं की हरकतों पर गहरी नाराजगी जताई और कहा कि वे मेला क्षेत्र में तमीज से रहें और शांति बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि संभल कर रहना, मेला अभी शुरू हुआ है, नहीं तो ठोक-ठोक कर यहीं बजाएंगे, पिछवाड़ा लाल कर देंगे। इस एरिया में दोबारा मत आना। पुलिस अधिकारियों ने पाया कि कुछ युवा पावन गंगा क्षेत्र और मुक्तिधाम के आसपास की छतों पर चढ़कर हुड़दंग कर रहे थे और अजीबोगरीब मानसिकता के साथ अशोभनीय हरकतें कर रहे थे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था तय करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने कसी कमर

इस पूरे अभियान और सख्ती के पीछे प्रशासन का मुख्य उद्देश्य गढ़ के पावन मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मेला क्षेत्र में कुछ लोग ट्रैक्टरों पर बैठकर स्टंटबाजी, तेज आवाज में डीजे बजाने, और प्रतिबंधित भैंसा-बुग्गी की रेस व आवागमन बाधित करने जैसी हरकतों को अंजाम दे रहे थे। इससे न केवल आम श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, बल्कि स्नान घाटों के आसपास शांति भंग होने का भी अंदेशा बना हुआ था।

पुलिस ने 10 बाइक्स, 10 भैंसा-बुग्गियों को किया सीज

प्रशासन ने इस प्रकार की अनुशासनहीनता पर नकेल कसते हुए धरातल पर भी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अब तक नियमों का उल्लंघन करने वाली करीब 10 बाइक्स, 10 भैंसा-बुग्गियों को सीज किया है। और हुड़दंगियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर पशु क्रूरता व अन्य धाराओं के तहत कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस के इस सख्त संदेश और ऑन-द-स्पॉट एक्शन से हुड़दंगियों और स्टंटबाजों में हड़कंप मच गया है, जिससे यह साफ हो गया है कि मेले में हुड़दंग करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।